MP को मिलेंगे 2 नए मेडिकल कॉलेज, केंद्रीय मंत्री नड्डा और CM यादव करेंगे शिलान्यास

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आज 23 दिसंबर को बैतूल में पीपीपी मोड पर स्वीकृत मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास किया जाएगा।

MP को मिलेंगे 2 नए मेडिकल कॉलेज, केंद्रीय मंत्री नड्डा और CM यादव करेंगे शिलान्यास

मध्यप्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के लिहाज से 23 दिसंबर का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव धार और बैतूल जिलों को मेडिकल कॉलेज की सौगात देंगे। धार में मेडिकल कॉलेज के साथ ही धारेश्वर लोक के भूमिपूजन सहित 300 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी प्रस्तावित है। इसी तरह बैतूल जिले में भी स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाई देने वाला मेडिकल कॉलेज अब हकीकत बनने जा रहा है। आज बैतूल में पीपीपी मोड पर स्वीकृत मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास किया जाएगा।

बैतूल के पुलिस ग्राउंड में आज होने वाले भव्य कार्यक्रम में पीपीपी मॉडल पर स्वीकृत मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास किया जाएगा, जिससे जिले के हजारों मरीजों को अब बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह मेडिकल कॉलेज न केवल इलाज की सुविधाएं बढ़ाएगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए चिकित्सा शिक्षा और रोजगार के नए अवसर भी खोलेगा।

इसके साथ ही जिले को विकास कार्यों की भी बड़ी सौगात मिलने जा रही है। विभिन्न विभागों के 16 कार्यों का लोकार्पण और मेडिकल कॉलेज सहित 122 कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा, जिनकी कुल लागत 357 करोड़ रुपये से अधिक है। कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। मंच पर राज्य और केंद्र के कई मंत्री, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक कड़ी निगरानी रखी जा रही है और यातायात को नियंत्रित किया गया है, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।