मऊगंज कलेक्टर ने जनकल्याण शिविर में हितग्राहियों से किया संवाद
कलेक्टर संजय कुमार जैन ने आमजन की समस्याएं सुनीं और निराकरण के निर्देश दिए

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शासन की जनहितकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि जनकल्याण शिविर शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं, इसलिए प्रत्येक अधिकारी पूरी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

कलेक्टर ने शिविर में उपस्थित नागरिकों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और विभिन्न योजनाओं के संबंध में प्राप्त आवेदनों सहित निराकरण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों का शीघ्र परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए और लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, राजस्व प्रकरणों, किसान हितग्राही सेवाओं, आयुष्मान कार्ड, समग्र ई-केवाईसी, संबल योजना, फार्मर रजिस्ट्री सहित अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का गंभीरता से निराकरण किया जाए और किसी भी पात्र व्यक्ति को योजनाओं के लाभ से वंचित न रहने दिया जाए।

कलेक्टर ने कहा कि शासन का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और जनकल्याण शिविरों को परिणाममूलक बनाएं। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने तथा शिविरों में प्राप्त आवेदनों की सतत समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जनपद अध्यक्ष नीलम सिंह सहित संबंधित विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और हितग्राही उपस्थित रहे।
Varsha Shrivastava 
