देवतलाव में पार्किंग के नाम पर गुंडागर्दी: मेले में श्रद्धालुओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, वीडियो हुआ वायरल

मऊगंज में कानून व्यवस्था भगवान भरोसे, देवतलाव में दबंगों ने मचाया कोहराम, पार्किंग वसूली का विरोध किया तो सड़क पर तांडव, 

देवतलाव में पार्किंग के नाम पर गुंडागर्दी: मेले में श्रद्धालुओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, वीडियो हुआ वायरल

मऊगंज से रिपोर्टर राजेंद्र पयासी। 

शिवनगरी देवतलाव में सोमवार को पुरुषोत्तम मास के अंतिम मेले के दौरान कथित पार्किंग वसूली को लेकर ऐसा तांडव मचा की आस्था शर्मसार हो गई। अवैध वसूली का विरोध करने वाले श्रद्धालुओं को दबंगों ने सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। हैरानी की बात यह रही कि पूरी घटना के दौरान पुलिस मौके पर मौजूद थी, मगर वर्दीवालों ने आंखें मूंद लीं।

इस खौफनाक मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कुछ लोग लाठी-डंडों से युवकों को पीट रहे हैं और सड़क पर अफरा-तफरी मची है। हालांकि, पब्लिक वाणी वायरल इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता लेकिन वीडियो में जो हालात देखे गए उसमें चीख-पुकार के बीच मेले में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि मेले में आने वाले हर वाहन से पार्किंग के नाम पर जबरन अवैध वसूली की जा रही थी। आरोप है कि सोमवार को भी जब कुछ युवकों ने पैसे देने से मना किया तो वसूली करने वाले गिरोह ने उन पर हमला बोल दिया। 

पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल

सबसे शर्मनाक पहलू यह है कि वायरल वीडियो में वर्दीधारी भी मौके पर खड़े दिख रहे हैं। आरोप है कि पुलिस ने बीच-बचाव करने के बजाय तमाशबीन बनना बेहतर समझा। घटना के बाद से ही मऊगंज जिले की कानून व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों में आक्रोश है। गुस्साए लोगों का कहना है,जब रक्षक ही चुप हो जाएं तो उपद्रवियों के हौसले तो बुलंद होंगे ही।

घटना सोमवार दोपहर बाद की बताई जा रही है। इसको लेकर लौर थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पटेल से जब फोन पर संपर्क हुआ तो उन्होंने कहा कि मारपीट की घटना घटी है, तीन बाइक सवारों के साथ मारपीट की गई है। मारपीट करने वाले दो युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया है। अन्य आरोपियों को चिन्हित किया जा रहा है। मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।