लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल को NIA ने किया गिरफ्तार
लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से भारत में प्रत्यर्पित कर दिया है। IGI एयरपोर्ट पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और दिल्ली पुलिस की विशेष टीम ने उसे गिरफ्तार किया है।
नई दिल्ली: लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से भारत में प्रत्यर्पित कर दिया है। IGI एयरपोर्ट पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और दिल्ली पुलिस की विशेष टीम ने उसे गिरफ्तार किया है। जहां से उसे सीधे सुरक्षा घेरे में पटियाला हाउस कोर्ट ले जाया गया, जहां NIA ट्रांजिट रिमांड की मांग करेगी। अनमोल बिश्नोई NCP नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या का मुख्य साजिशकर्ता है। अमेरिका के लुइसियाना की एक अदालत ने उसकी शरण याचिका खारिज कर दी थी, अमेरिका से भारत प्रत्यर्पित किए जाने के बाद उसे दिल्ली में गिरफ्तार किया गया।
अनमोल बाबा सिद्दीकी, सिद्धू मूसेवाला की हत्या और सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट पर गोलीबारी और विदेश से ऑनलाइन धमकी समेत 18 से ज्यादा गंभीर मामलों में आरोपी है। अनमोल विदेश से ही आपराधिक गतिविधियों को निर्देशत करता था और एक्सटॉर्शन रैकेट चलाता था। 2022 से फरार अनमोल अपने जेल में बंद भाई लॉरेंस बिश्नोई के नेतृत्व वाले आतंकी सिंडिकेट में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार होने वाला 19वां आरोपी है। अनमोल ने देश में विभिन्न आतंकवादी कृत्यों को अंजाम देने में नामित आतंकवादी गोल्डी बरार और लॉरेंस बिश्नोई की सक्रिय रूप से सहायता की थी। अनमोल के खिलाफ मार्च 2023 में NIA ने आरोपपत्र दायर किया था।
अनमोल अमेरिका से लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के लिए आतंकी सिंडिकेट चलाता रहा है और उसके जमीनी गुर्गों का इस्तेमाल करके आतंकवादी घटनाओं को अंजाम देता रहा। बता दें कि एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी को 12 अक्टूबर 2024 को उनके बांद्रा स्थित कार्यालय के बाहर गोली मारी गई थी। इस मामले में मुंबई पुलिस ने अनमोल को हत्या का षड्यंत्रकारी करार दिया था और उसे फरार घोषित किया था।
shivendra 
