MP investment : मध्यप्रदेश में ट्रांसमिशन, टायर और IT क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं तलाशेगा RPG ग्रुप
MP investment : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात में हर्ष गोयनका ने जबलपुर, रतलाम, सागर और उज्जैन में निवेश की संभावनाओं पर की चर्चा
MP investment : मुंबई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुंबई के होटल द सेंट रेजिस में आयोजित 'मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर संवाद' कार्यक्रम के अंतर्गत आरपीजी समूह के अध्यक्ष हर्ष गोयनका से चर्चा की। बैठक में मध्यप्रदेश में विद्युत पारेषण, टायर निर्माण और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) सहित विभिन्न क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ।
जबलपुर में ट्रांसमिशन क्षेत्र में निवेश की संभावना
बैठक के दौरान हर्ष गोयनका ने जबलपुर में निवेश कर विद्युत पारेषण क्षेत्र में कार्य करने की इच्छा व्यक्त की। चर्चा में मध्यप्रदेश की औद्योगिक अवसंरचना, भौगोलिक स्थिति, कुशल कार्यबल और राज्य सरकार की निवेश अनुकूल नीतियों का लाभ लेकर नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने की संभावनाओं पर विचार किया गया।
रतलाम, सागर और जबलपुर में टायर प्लांट की संभावनाएं
आरपीजी समूह ने मध्यप्रदेश की केंद्रीय भौगोलिक स्थिति और कच्चे माल की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए राज्य में टायर निर्माण इकाई स्थापित करने की संभावनाओं पर चर्चा की। इसके लिए रतलाम, सागर और जबलपुर संभावित निवेश स्थलों के रूप में चर्चा में आए। इन स्थानों पर उपलब्ध औद्योगिक सुविधाओं और अन्य आवश्यकताओं का आकलन करने के बाद आगे की संभावनाओं पर विचार किया जा सकता है।
उज्जैन में IT क्षेत्र में निवेश की संभावना
सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में निवेश को लेकर भी सकारात्मक चर्चा हुई। आरपीजी समूह की टीम ने संभावित निवेश स्थलों का दौरा कर आवश्यक सुविधाओं और व्यावसायिक संभावनाओं का आकलन करने की इच्छा व्यक्त की। इस क्रम में उज्जैन के आईटी बिल्ट-अप पार्क में उपलब्ध प्लग-एंड-प्ले सुविधाओं के उपयोग की संभावना पर भी चर्चा हुई। इससे समूह को तैयार बुनियादी ढांचे के माध्यम से आईटी क्षेत्र में अपनी गतिविधियां शुरू करने का अवसर मिल सकता है।
निवेश प्रस्तावों को आगे बढ़ाने पर चर्चा
बैठक में संभावित परियोजनाओं के लिए उपयुक्त भूमि, आवश्यक अनुमतियों, प्रोत्साहनों और एकल-खिड़की व्यवस्था के माध्यम से सहयोग उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। प्राथमिकता वाले निवेश प्रस्तावों और संभावित स्थानों की पहचान कर आगे की प्रक्रिया को सुगम बनाने पर जोर दिया गया।
RGP समूह का वैश्विक अनुभव और मध्यप्रदेश से पुराना जुड़ाव
आरपीजी समूह अवसंरचना, मोबिलिटी, टायर, सूचना प्रौद्योगिकी, फार्मास्यूटिकल्स, ऊर्जा समाधान और उभरती प्रौद्योगिकियों सहित विविध क्षेत्रों में कार्यरत प्रमुख भारतीय औद्योगिक समूह है। इसके प्रमुख व्यवसायों में केईसी इंटरनेशनल, सिएट और जेनसार टेक्नोलॉजीज शामिल हैं। समूह की वैश्विक उपस्थिति छह महाद्वीपों के 135 से अधिक देशों में है।
समूह का मध्यप्रदेश से लंबे समय से जुड़ाव रहा है। वर्ष 1951 से आरपीजी ट्रांसमिशन लिमिटेड के माध्यम से समूह की राज्य में उपस्थिति रही है। इसकी प्रमुख कंपनी केईसी इंटरनेशनल ने नीमच अंतरराज्यीय पारेषण प्रणाली सहित मध्यप्रदेश की विद्युत पारेषण अवसंरचना के विकास में योगदान दिया है। बैठक में हुई चर्चा से मध्यप्रदेश में ट्रांसमिशन, टायर निर्माण और आईटी जैसे क्षेत्रों में निवेश की नई संभावनाओं को आगे बढ़ाने का अवसर मिला है।
CM और संदीप गर्ग की निवेश पर चर्चा
इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वेलस्पन एंटरप्राइजेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संदीप गर्ग से मुलाकात की। होटल द सेंट रेजिस में आयोजित संवाद कार्यक्रम में मध्यप्रदेश में पाइप निर्माण, टेक्निकल टेक्सटाइल और अधोसंरचना क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
मिल भूमि पर टेक्निकल टेक्सटाइल पार्क की योजना
बैठक में वेलस्पन समूह ने मिल की भूमि पर टेक्निकल टेक्सटाइल पार्क विकसित करने में रुचि दिखाई। समूह ने प्रस्तावित पार्क में एंकर यूनिट स्थापित करने की इच्छा भी जताई। इस संबंध में वेलस्पन अपनी टीम भेजकर स्थल का निरीक्षण करेगा। राज्य सरकार ने आवश्यक सहयोग और सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। दोनों पक्षों ने इस दिशा में आगे बढ़ने पर सहमति व्यक्त की।

MS लाइन पाइप और सिंटेक्स निवेश पर चर्चा
मुख्यमंत्री और संदीप गर्ग के बीच वेलस्पन कॉर्प द्वारा एमएस लाइन पाइप क्षेत्र में 150 करोड़ रुपये के निवेश पर बातचीत हुई। प्रदेश में पाइप निर्माण गतिविधियों को बढ़ाने की योजनाओं पर विचार हुआ। बैठक में सिंटेक्स के 700 करोड़ रुपये के प्रगतिरत निवेश का भी जिक्र किया गया। समूह की रायसेन और देवास में मौजूदगी को देखते हुए पाइप और टेक्सटाइल क्षेत्र की गतिविधियों को और मजबूत करने पर संवाद हुआ।
अधोसंरचना और जल प्रबंधन परियोजनाओं में भागीदारी
वेलस्पन समूह प्रदेश में सड़क एवं राजमार्ग निर्माण सहित अन्य अधोसंरचना परियोजनाओं से जुड़ने को तैयार है। बैठक में समूह द्वारा इन परियोजनाओं में निवेश और सहभागिता के विषयों पर चर्चा की गई। जल एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन की योजनाओं में भी भागीदारी की संभावनाएं तलाशी गईं। राज्य सरकार ने एकल खिड़की व्यवस्था के जरिए अनुमतियों और प्रोत्साहनों को आसान बनाने का भरोसा दिलाया।
वेलस्पन समूह की गतिविधियां और राज्य से जुड़ाव
वेलस्पन समूह अधोसंरचना, पाइप निर्माण और टेक्सटाइल क्षेत्रों में सक्रिय है। इसकी गतिविधियों में सड़क-राजमार्ग तथा जल प्रबंधन परियोजनाएं शामिल हैं। विनिर्माण में एमएस एवं पीवीसी पाइप, फिटिंग्स, वाटर टैंक और होम टेक्सटाइल्स प्रमुख हैं। समूह की मध्यप्रदेश में रायसेन और देवास में पहले से उपस्थिति है। इस बैठक से नई परियोजनाओं के लिए रास्ता साफ हुआ है।

