ईशान खट्टर को भारतीय सेना से मिला सम्मान, 45वीं कैवेलरी रेजिमेंट के मानद सदस्य बने
अभिनेता ईशान खट्टर को उनकी फिल्म ‘पिप्पा’ में भारतीय सेना और उसके काम को अच्छे तरीके से दिखाने के लिए सम्मान मिला है। उन्हें इंडियन आर्मर्ड कोर की 45वीं कैवेलरी रेजिमेंट का मानद सदस्य बनाया गया है।
एक्टर ईशान खट्टर, जो शाहिद कपूर के भाई हैं, उनको फिल्म ‘पिप्पा’ में 45वीं कैवेलरी के एक अधिकारी का किरदार निभाने और सेना के मूल्यों को दिखाने के लिए इंडियन आर्मर्ड कोर की 45वीं कैवेलरी रेजिमेंट का मानद सदस्य बनाया गया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस सम्मान को साझा करते हुए अपनी खुशी और गर्व जताया है।

यह फिल्म साल 2023 में रिलीज हुई थी और यह 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में 45वीं कैवेलरी रेजिमेंट के कैप्टन बलराम सिंह मेहता की असली कहानी पर आधारित है। फिल्म में उस समय की गरीबपुर लड़ाई और युद्ध की घटनाओं को दिखाया गया है। ईशान खट्टर ने इस सम्मान को अपने जीवन का खास और यादगार पल बताया है।
स्मृति पट्टिका भी मिले
इस मौके पर उन्हें एक स्मृति पट्टिका भी दी गई, जिस पर लिखा था कि 45वीं कैवेलरी रेजिमेंट उन्हें ऑफिसर्स मेस की मानद सदस्यता दे रही है, क्योंकि उन्होंने फिल्म में रेजिमेंट की छवि और आदर्शों को सही तरीके से पेश किया। इसमें “वन्स अ कैवेलियर,ऑलवेज अ कैवेलियर” जैसे शब्द भी लिखे थे, जिसका मतलब है कि एक बार इस रेजिमेंट का हिस्सा बनने के बाद वह हमेशा इससे जुड़े रहेंगे।

ईशान के जीवन का भावुक पल
कार्यक्रम की कई तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए, जिनमें ईशान सफेद फॉर्मल शर्ट और काले ट्राउजर में नजर आए। एक वीडियो में वह खुशी में डांस करते भी दिखे। वहां सैन्य अधिकारी उन्हें सम्मान देते हुए और पट्टिका सौंपते हुए दिखाई दिए। इस खास मौके पर उनके परिवार और करीबी लोग भी मौजूद थे, जिन्होंने इस उपलब्धि को उनके साथ मिलकर मनाया।

ईशान ने सोशल मीडिया पर इस सम्मान को साझा करते हुए कहा कि यह उनके जीवन का बहुत बड़ा और भावुक करने वाला पल है। उन्होंने बताया कि वह सेना से जुड़े नहीं रहे हैं, लेकिन इस सम्मान ने उन्हें भारतीय सेना के और करीब ला दिया है और यह उनके लिए बहुत गर्व की बात है।

Varsha Shrivastava 
