‘राजा शिवाजी’ का ट्रेलर लॉन्च: रितेश देशमुख पिता को याद कर हुए इमोशनल, पत्नी जेनेलिया डिसूज़ा भी नजर आई भावुक
फिल्म ‘राजा शिवाजी’ के ट्रेलर लॉन्च के दौरान भावुक पल। पिता को याद कर भावुक एक्टर रितेश देशमुख। एक्ट्रेस जेनेलिया डिसूज़ा भी खुद को रोक नहीं पाईं और उनकी आंखें भी नम हो गईं।
मुंबई में फिल्म ‘राजा शिवाजी’ के ट्रेलर लॉन्च के दौरान एक ऐसा पल भी आया, जिसने पूरे माहौल को भावुक बना दिया। एक्टर रितेश देशमुख मंच पर ‘छत्रपति शिवाजी महाराज’ के किरदार के बारे में बात कर रहे थे, तभी वे अचानक रुक गए और उनकी आंखें नम हो गईं।
रितेश ने इस दौरान अपने पिता विलासराव देशमुख को याद किया। उन्होंने कहा कि यह किरदार उनके लिए सिर्फ एक भूमिका नहीं, बल्कि गर्व और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने माना कि ‘छत्रपति शिवाजी महाराज’ का किरदार निभाना उनके करियर का सबसे चुनौतीपूर्ण अनुभव है।

रितेश ने बताया कि इस किरदार को निभाते समय उन्हें बार-बार अपने पिता की सीख और मूल्यों की याद आती रही। बात करते-करते उनकी आवाज भर्रा गई और कुछ पलों के लिए वे चुप हो गए। रितेश ने कहा कि पिता के जाने के बाद जीवन में जो खालीपन आया है, उसे भर पाना आसान नहीं है, लेकिन उनके दिए संस्कार उन्हें आगे बढ़ने की ताकत देते हैं।

इस भावुक पल में उनकी पत्नी और एक्ट्रेस जेनेलिया डिसूज़ा भी खुद को रोक नहीं पाईं और उनकी आंखें भी नम हो गईं। जेनेलिया इस फिल्म में सिर्फ अभिनय ही नहीं, बल्कि प्रोड्यूसर की भूमिका भी निभा रही हैं, जिससे यह प्रोजेक्ट उनके लिए और भी ज्यादा खास है।

बता दें, इस फिल्म में संजय दत्त, अभिषेक बच्चन और विद्या बालन जैसे बड़े कलाकार भी नजर आएंगे। ट्रेलर लॉन्च में मौजूद दर्शकों और सितारों ने फिल्म की भव्यता और इसके विषय को लेकर उत्साह भी जताया।

