इंदौर: पिता-पुत्र विवाद में पिता की मौत, बेटे पर हत्या का आरोप
इंदौर से एक दिल दहला देने वाली घटना। पारिवारिक विवाद ने खून का रिश्ता ही खत्म कर दिया। बेटे की बेरहमी ने पिता की जान ले ली।
इंदौर। लसूड़िया थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसमें पारिवारिक विवाद ने खून के रिश्ते को ही खत्म कर दिया। स्कीम नंबर 78 के निवासी संजय (45) पुत्र जगन्नाथ गोलाई की बेटे राहुल के साथ विवाद के बाद मौत हो गई।
मामला 13 जनवरी का है। पुलिस के अनुसार, संजय और उनके बेटे राहुल के बीच घर से लोहे के सरिए चोरी होने को लेकर विवाद हुआ। जब संजय ने बेटे से इस मामले में सवाल किया और उसे टोका, तो गुस्से में आकर राहुल ने अपने पिता के साथ मारपीट कर दी। इस मारपीट के दौरान संजय को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं।
घायल पिता को परिवार ने इलाज के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों ने पुलिस को घटना की जानकारी नहीं दी और केवल तबीयत खराब होने की बात बताई। अस्पताल में संजय पिछले कुछ दिनों से जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहे थे, लेकिन रविवार देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने पुलिस को बताया कि जब संजय अस्पताल पहुंचे थे, तब परिजन उनकी चोटों को गिरने से लगी चोट बताकर पेश कर रहे थे।
लसूड़िया थाना प्रभारी तारेश सोनी ने बताया कि मृतक के बेटे राहुल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारण का पता चलेगा और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में मृतक की बहन निर्मला ने गंभीर आरोप लगाए हैं कि भतीजे को तंबाकू लाने के लिए पैसे चाहिए थे। इसी कारण उसने घर के लोहे के सरिए बेच दिए थे। जब संजय ने इसका विरोध किया, तो उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसे अंदरूनी चोटें आईं और बाद में उनकी मौत हो गई।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह स्पष्ट करने की कोशिश कर रही है कि मारपीट और मौत के बीच सीधा संबंध है या नहीं। यह घटना पारिवारिक कलह की भयावहता और छोटे विवादों के घातक परिणामों को सामने लाती है।
Varsha Shrivastava 
