Satna News : पुणे की कंपनी को 34 लाख की चपत लगाने वाले सगे भाई बालाघाट से गिरफ्तार

Satna News : अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री मैहर में ठेके पर काम कर रही थी प्राइवेट फर्म

Satna News : पुणे की कंपनी को 34 लाख की चपत लगाने वाले सगे भाई बालाघाट से गिरफ्तार

Satna News : सतना। अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री के अंतर्गत कार्यरत पुणे की प्राइवेट कंपनी को लगभग 34 लाख की चपत लगाने के आरोप में पुलिस ने बालाघाट के 2 सगे भाइयों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। दोनों ने काम छोड़ चुके मजदूरों की फर्जी हाजिरी लगाकर मजदूरी के पैसे अपने करीबियों के खातों में पहुंचा दिए थे। 

इस संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आयोकी फैब्रिकॉन प्राइवेट लिमिटेड पुणे-महाराष्ट्र में जैनेन्द्र पुत्र हीरालाल पातरे 36 वर्ष, निवासी हट्टा-बालाघाट, बतौर एडमिन ऑफिसर कार्यरत था, जबकि उसका सगा भाई संदीप पातरे 32 वर्ष, असिस्टेंट एडमिन के रूप में सेवाएं दे रहा था।

काम छोड़ चुके मजदूरों की लगाई हाजिरी, रिश्तेदारों के खातों में भेजे पैसे

दोनों के पास कंपनी में काम करने वाले मजदूरों की ऑनलाइन हाजिरी, अवकाश, वेतन और भत्तों का इलेक्ट्रॉनिक लेखा-जोखा दर्ज करने की जिम्मेदारी थी। इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपियों ने वर्ष 2023 से 2025 के बीच अलग-अलग कारणों से काम छोड़ चुके 17 मजदूरों की फर्जी हाजिरी लगाकर वेतन भत्तों के रूप में 33 लाख 94 हजार 87 रुपए कंपनी के बैंक अकाउंट से अपने 15 रिश्तेदारों और परिचितों के खातों में ट्रांसफर कर दिए। इसके लिए आरोपियों ने चरणबद्ध तरीके से मजदूरों के दिए खातों को करीबियों के अकाउंट से बदल दिया।

तब कंपनी ने दर्ज कराई शिकायत

वर्ष 2026 के शुरूआती महीनों में प्रबंधन को कहीं से गड़बड़ी का अंदेशा हुआ तो आंतरिक जांच कराई, जिसमें दोनों भाइयों का खेल सामने आ गया, लिहाजा कंपनी की तरफ से असिस्टेंट मैनेजर एडमिन अखिलेश कुमार मिश्रा ने लिखित शिकायत मैहर कोतवाली में दर्ज करा दी।

तब कई महीनों की जांच-पड़ताल के बाद 3 अक्टूबर को बीएनएस की धारा 318(4), 316(5) और 3(5) के तहत कायमी कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम बालाघाट रवाना कर दी गई। कई दिनों की खोजबीन के बाद जैनेन्द्र और संदीप को अलग-अलग जगह से गिरफ्तार कर मैहर लाया गया, जहां पूछताछ के बाद दोनों को गुरुवार सुबह न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।