उत्तराखंड के चमोली में बड़ा हादसा: सुरंग के अंदर दो लोको ट्रेनों की टक्कर, 60 मजदूर घायल

चमोली जिले के पीपलकोटी क्षेत्र में देर रात एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (THDC) की सुरंग के अंदर मजदूरों को लाने-ले जाने वाली दो लोको ट्रेनें आपस में टकरा गईं। इस दुर्घटना में 60 मजदूर घायल हो गए,

उत्तराखंड के चमोली में बड़ा हादसा: सुरंग के अंदर दो लोको ट्रेनों की टक्कर, 60 मजदूर घायल

उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी क्षेत्र में देर रात एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (THDC) की सुरंग के अंदर मजदूरों को लाने-ले जाने वाली दो लोको ट्रेनें आपस में टकरा गईं। इस दुर्घटना में 60 मजदूर घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

यह हादसा रात करीब 9:30 बजे उस समय हुआ जब शिफ्ट बदलने के दौरान मजदूरों को सुरंग के भीतर स्थित वर्किंग साइट तक ले जाया जा रहा था। टक्कर के बाद सुरंग के अंदर अफरा-तफरी मच गई और मजदूर सुरक्षित बाहर निकलने का रास्ता खोजने लगे। टक्कर की आवाज और चीख-पुकार से सुरंग के भीतर भय का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही प्रोजेक्ट मैनेजमेंट, स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। चमोली के जिला मजिस्ट्रेट गौरव कुमार ने बताया कि दुर्घटना के समय दोनों ट्रेनों में कुल 109 लोग सवार थे। इनमें से 60 मजदूर घायल हुए हैं।

42 मजदूरों को जिला अस्पताल में 17 मजदूरों को पीपलकोटी स्थित विवेकानंद अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि 10 घायलों को गोपेश्वर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला अस्पताल के डॉक्टर दीपक नेगी ने बताया कि अधिकांश मजदूरों को मामूली चोटें आई हैं, हालांकि कुछ मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान श्रमिकों, इंजीनियरों और सामग्री को सुरंग के भीतर लाने-ले जाने के लिए लोको ट्रेनों का नियमित रूप से उपयोग किया जाता है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और सुरक्षा मानकों की समीक्षा के निर्देश दिए गए हैं।प्रशासन ने घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।