जूतों की चोरी का केस सुलझा, पुलिस ने ढूंढ निकाले जूते
गुना में हनुमान टेकरी से चोरी हुए सरकारी शिक्षक के जूते पुलिस ने बरामद कर लिए। आरोपी पर केस दर्ज, जूते वापस सौंपे गए।
मध्य प्रदेश के गुना जिले से एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने जूतों की चोरी का केस सुलझाते हुए सरकारी शिक्षक को उनके चोरी हुए जूते वापस लौटा दिए हैं। इस मामले को लेकर पुलिस ने साफ कहा है कि चोरी छोटी हो या बड़ी, हर मामले में पूरी गंभीरता से कार्रवाई की जाती है।
दरअसल, गुना के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल हनुमान टेकरी से सरकारी शिक्षक राजेश कुमार शर्मा के जूते चोरी हो गए थे। शिक्षक ने इस मामले की शिकायत कैंट थाने में दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 30 दिसंबर की शाम वह मंदिर में दर्शन करने गए थे। जब दर्शन कर बाहर आए तो उनके जूते वहां से गायब थे।
शिक्षक ने शिकायत में कहा था कि मंदिर जैसे श्रद्धा के स्थान पर, जहां सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, इस तरह की घटना से लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचती है। उन्होंने पुलिस से जूते ढूंढकर वापस दिलाने की अपील की थी, ताकि उनकी आस्था बनी रहे। शिक्षक ने बताया था कि उनके जूते करीब 4 हजार रुपये के थे।
पुलिस ने कैसे सुलझाया मामला?
शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस टीम ने हनुमान टेकरी परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। जांच के दौरान आरोपी की पहचान बूढ़े बालाजी क्षेत्र में रहने वाले ओम प्रकाश सेन के रूप में हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अपने पुराने जूते मंदिर परिसर में छोड़कर शिक्षक के नए जूते लेकर चला गया था। जब आरोपी को यह अंदेशा हुआ कि पुलिस को उसके बारे में जानकारी मिल गई है, तो वह घर से बाहर चला गया। पुलिस जब आरोपी के घर पहुंची, तो उसकी पत्नी ने शिक्षक के जूते पुलिस को सौंप दिए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है। रविवार शाम को पुलिस ने सरकारी शिक्षक राजेश कुमार शर्मा को उनके जूते वापस सौंप दिए।
इस पूरे मामले के बाद पुलिस ने कहा कि चोरी चाहे जूतों की हो या किसी बड़े सामान की, कानून के तहत हर मामले में सख्त कार्रवाई की जाती है।
DRASHTI JAIN 
