ASHTA: 61 करोड़ के सांदीपनि विद्यालय भवन का लोकार्पण, 1.25 करोड़ बहनों के खातों में 1836 करोड़ ट्रांसफर

आष्टा में 61 करोड़ रुपये की लागत से बने सांदीपनि विद्यालय भवन का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोकार्पण किया।

ASHTA: 61 करोड़ के सांदीपनि विद्यालय भवन का लोकार्पण, 1.25 करोड़ बहनों के खातों में 1836 करोड़ ट्रांसफर

सीहोर:प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को आष्टा में नवनिर्मित सांदीपनि विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। यह भवन लगभग 61 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है और प्रथम चरण में 15 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित परिसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त ऐसे विद्यालय महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालय में सर्वसुविधायुक्त लाइब्रेरी, कंप्यूटर लैब, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जैसी व्यवस्थाएं की गई हैं।

3800 से अधिक छात्रों को मिलेगा लाभ

विद्यालय में वर्तमान में करीब 3800 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। यहां केजी-1 से लेकर कक्षा 12वीं तक शिक्षण व्यवस्था उपलब्ध है, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को एक ही परिसर में बेहतर शिक्षा मिल सकेगी।

विभिन्न संकायों की पढ़ाई की सुविधा

विद्यालय में आर्ट्स, साइंस, कॉमर्स और कृषि संकाय संचालित किए जा रहे हैं। इससे विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुसार विषय चुनने का अवसर मिलेगा और करियर के बेहतर विकल्प तैयार होंगे।

परिवहन और खेल सुविधाएं भी उपलब्ध

विद्यालय में 160 शिक्षकों की नियुक्ति की गई है और 90 कक्ष बनाए गए हैं। छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल मैदान और बॉटनिकल गार्डन भी तैयार किया गया है। साथ ही 16 बसों के माध्यम से आसपास के लगभग 100 गांवों से विद्यार्थियों को निःशुल्क परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

लाड़ली बहना योजना की 35वीं किश्त जारी

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को सीहोर जिले के आष्टा में आयोजित ‘महिला सशक्तिकरण सम्मेलन’ में लाड़ली बहना योजना की 35वीं किश्त जारी करते हुए 1.25 करोड़ से अधिक महिलाओं के खातों में 1836 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की। इस दौरान उन्होंने करीब 184 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिन प्रदेश की बहनों के लिए किसी त्योहार से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य में महिला सशक्तिकरण की दिशा में लगातार बड़े कदम उठाए जा रहे हैं और आने वाला समय महिलाओं के लिए और अधिक सशक्त बनाने वाला होगा। 

मुख्यमंत्री ने आष्टा क्षेत्र में 115 करोड़ 32 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और 69 करोड़ 60 लाख रुपये के कार्यों का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही आईटीआई स्थापना, कन्या छात्रावास, नाला निर्माण, जावर में शहरी सौंदर्यीकरण, छात्रावास निर्माण, स्कूल भवन, विज्ञान संकाय शुरू करने, बैराज और नहर निर्माण जैसी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।