PM मोदी का ममता सरकार पर निशाना, कहा- TMC घुसपैठियों को वोटर बना रही, गरीबों का हक छीना जा रहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के मालदा में एक कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान पीएम ने कहा कि राज्य के सामने सबसे बड़ी समस्याओं में से एक अवैध घुसपैठ है।

PM मोदी का ममता सरकार पर निशाना, कहा- TMC घुसपैठियों को वोटर बना रही, गरीबों का हक छीना जा रहा

कोलकाता: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के मालदा में एक कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान पीएम ने कहा कि राज्य के सामने सबसे बड़ी समस्याओं में से एक अवैध घुसपैठ है। उन्होंने ममता सरकार पर आरोप लगाया कि बंगाल के कई इलाकों में जनसंख्या का संतुलन बिगड़ रहा है और तृणमूल कांग्रेस घुसपैठियों को वोटर बनाकर राजनीति कर रही है। पीएम ने कहा कि इससे गरीबों के हक छीने जा रहे हैं और अगर बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी तो घुसपैठ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

देश को मिली पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन

इसके प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का उद्घाटन भी किया, जो हावड़ा से गुवाहाटी के बीच चलेगी। ये ट्रेन 958 किलोमीटर की दूरी सिर्फ 14 घंटे में तय करेगी। ट्रेन की अधिकतम स्पीड 180 kmph है। ट्रेन की कुल यात्री क्षमता 1128 है। पीएम ने ट्रेन के ड्राइवर से बातचीत की और ट्रेन की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। 

TMC को लोगों की परेशानियों से कोई मतलब नहीं

आयुष्मान भारत योजना का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि टीएमसी सरकार को आम लोगों की परेशानियों से कोई मतलब नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि जानबूझकर बंगाल में आयुष्मान भारत योजना लागू नहीं होने दी गई, जबकि इससे गरीबों को पांच लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज मिल सकता था। पीएम ने ऐसी सरकार को “पत्थरदिल” बताते हुए कहा कि बंगाल को इससे मुक्ति दिलाना जरूरी है।

पूर्वी भारत के लोगों को भाजपा पर भरोसा

पूर्वी भारत के विकास पर जोर देते हुए पीएम ने कहा कि भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसके लिए पूर्वी भारत का विकास बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि दशकों तक पूर्वी भारत को नफरत और तुष्टिकरण की राजनीति ने पीछे रखा, लेकिन भाजपा ने इस क्षेत्र को ऐसी राजनीति से मुक्त किया है। पीएम के मुताबिक, पूर्वी भारत के लोगों का भरोसा आज भाजपा के साथ है।

संवेदनहीन सरकार को बदलना जरूरी

प्रधानमंत्री ने दोहराया कि टीएमसी सरकार जनता की भलाई के बजाय अपने हित साधने में लगी है। उन्होंने कहा कि पूरे देश के गरीबों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिल रहा है, लेकिन बंगाल इकलौता राज्य है जहां इसे लागू नहीं किया गया। ऐसी निर्दयी और संवेदनहीन सरकार को बदलना अब जरूरी हो गया है।