MP में 62 लाख केस का कांग्रेस का दावा, सिंघार बोले- BJP चला रही पुलिस राज
मध्य प्रदेश में 62 लाख केस दर्ज होने का कांग्रेस ने दावा किया है। उमंग सिंघार ने BJP सरकार पर पुलिस राज चलाने का आरोप लगाया, जबकि जीतू पटवारी ने फर्जी मुकदमों के खिलाफ आंदोलन की बात कही।
भोपाल। मध्य प्रदेश में दर्ज मामलों को लेकर कांग्रेस ने BJP सरकार पर बड़ा हमला बोला है। कांग्रेस का दावा है कि प्रदेश में करीब 62 लाख केस छोटी-छोटी धाराओं में दर्ज किए गए हैं और इनमें बड़ी संख्या कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं, दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और युवाओं के खिलाफ दर्ज मामलों की है। कांग्रेस ने कहा है कि इन मामलों के खिलाफ पार्टी आगे लड़ाई लड़ेगी।
भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मंगलवार को Political Affairs Committee (PAC) की बैठक हुई। बैठक के बाद PCC Chief जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान दोनों नेताओं ने BJP सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा।
सिंघार बोले- 62 लाख केस छोटी-छोटी धाराओं में दर्ज
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि मध्य प्रदेश में 62 लाख से ज्यादा दलित, आदिवासी, पिछड़े, युवा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर इतनी बड़ी संख्या में छोटी-छोटी धाराओं में मामले दर्ज किए गए हैं तो इससे समझा जा सकता है कि BJP सरकार किस तरह काम कर रही है। सिंघार ने आरोप लगाया कि प्रदेश में पुलिस राज चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर ये मामले दर्ज किए गए हैं, कांग्रेस उनकी लड़ाई लड़ेगी। सिंघार ने कहा कि जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आएगी तो ऐसे मामलों को हटाने का काम किया जाएगा। हालांकि, तब तक भी पार्टी उन लोगों के साथ खड़ी रहेगी।
फर्जी मुकदमों के खिलाफ जेल भरो आंदोलन की तैयारी
PCC Chief जीतू पटवारी ने भी सरकार पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को परेशान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पार्टी फर्जी मुकदमों के खिलाफ आंदोलन करेगी। कांग्रेस ने साफ किया कि जरूरत पड़ने पर जेल भरो आंदोलन भी चलाया जाएगा।

पटवारी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं, दलितों, आदिवासियों और OBC वर्ग के साथ होने वाले अन्याय के खिलाफ पार्टी मजबूती से आवाज उठाएगी।
दतिया उपचुनाव की जीत पर कांग्रेस में उत्साह
PAC की बैठक में दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की जीत पर नवनिर्वाचित विधायक कुंवर घनश्याम सिंह को बधाई दी गई। कांग्रेस नेताओं ने इस जीत को पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह बढ़ाने वाला बताया।
जीतू पटवारी ने कहा कि दतिया की जनता ने बदलाव का संदेश दिया है। उन्होंने जीत के लिए दतिया की जनता, कांग्रेस प्रत्याशी और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उनका कहना था कि कांग्रेस इस जीत के बाद जनता से जुड़े मुद्दों को और मजबूती से उठाएगी।
कमलनाथ बैठक में नहीं पहुंचे, दिग्विजय वर्चुअली जुड़े
बैठक में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, जीतू पटवारी, उमंग सिंघार और दूसरे नेता शामिल हुए। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह विदेश में होने के कारण बैठक में नहीं आ पाए, हालांकि वे वर्चुअली बैठक से जुड़े। वहीं कमलनाथ की तबीयत खराब होने के कारण वे भी बैठक में शामिल नहीं हुए।
नकुलनाथ के भी बैठक में शामिल होने की उम्मीद थी, लेकिन छिंदवाड़ा से भोपाल आने वाले विमान के एक इंजन में खराबी आ गई। इसके चलते विमान उड़ान नहीं भर सका और वे बैठक में नहीं पहुंच पाए। इसी विमान से प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी को भी भोपाल आना था। विमान में तकनीकी खराबी के बाद चौधरी कार से भोपाल पहुंचे।

राज्यसभा चुनाव मामले में कोर्ट जाएगी कांग्रेस
कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के दौरान मीनाक्षी नटराजन का nomination form खारिज किए जाने का मुद्दा भी उठाया। जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस इस मामले को लेकर मध्य प्रदेश विधानसभा के प्रमुख सचिव और चुनाव अधिकारी अरविंद शर्मा के खिलाफ कोर्ट जाएगी।
पटवारी ने आरोप लगाया कि चुनाव अधिकारी ने BJP के दबाव में अपने पद का इस्तेमाल करते हुए कांग्रेस उम्मीदवार का nomination खारिज किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले को कानूनी तौर पर आगे ले जाएगी और लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़े इस मुद्दे पर पीछे नहीं हटेगी।
सिंघार बोले- आगामी चुनावों की रणनीति पर भी चर्चा
उमंग सिंघार ने कहा कि PAC की बैठक में आने वाले चुनावों की तैयारी और संगठन को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि जो पदाधिकारी पार्टी के काम में सक्रिय नहीं हैं, वे सदस्य तो रहेंगे लेकिन उन्हें पद पर बनाए रखने को लेकर पार्टी फैसला करेगी।
सिंघार ने युवाओं की समस्याओं, परीक्षा घोटालों, पेपर लीक और फर्जी नियुक्तियों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने छात्र संघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने और OBC को 27 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग दोहराई।

हरीश चौधरी बोले- जनहित के मुद्दों पर आंदोलन करेगी कांग्रेस
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि PAC की बैठक में संगठन सृजन अभियान के साथ जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं, छात्रों, किसानों, महिलाओं और OBC वर्ग के अधिकारों की लड़ाई आगे भी मजबूती से लड़ेगी।
चौधरी ने खाद संकट, उज्जैन में भ्रष्टाचार के आरोप, कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज मामलों और दूसरे मुद्दों को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर प्रदेशभर में आंदोलन करेगी।
कांतिलाल भूरिया बोले- BJP की उल्टी गिनती शुरू
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कांतिलाल भूरिया ने दतिया उपचुनाव के नतीजे को BJP के लिए बड़ा संकेत बताया। उन्होंने कहा कि BJP की उल्टी गिनती शुरू हो गई है और आने वाला समय कांग्रेस का होगा।
भूरिया ने आरोप लगाया कि प्रदेश में किसान, मजदूर, युवा और महिलाएं परेशान हैं। उन्होंने जीतू पटवारी के परिवार से जुड़े मामलों को लेकर भी सरकार पर बदले की भावना से कार्रवाई करने का आरोप लगाया।

छात्र संघ चुनाव और OBC आरक्षण का मुद्दा भी उठा
बैठक के बाद कांग्रेस नेताओं ने छात्र संघ चुनाव प्रत्यक्ष तरीके से कराने की मांग की। जीतू पटवारी और उमंग सिंघार ने कहा कि अगर सरकार ने अप्रत्यक्ष तरीके से चुनाव कराने का फैसला लिया तो कांग्रेस इसके खिलाफ प्रदेशभर में आंदोलन करेगी। इसके साथ ही कांग्रेस ने OBC को 27 प्रतिशत आरक्षण देने और आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा की मांग भी उठाई।
PAC की बैठक में कांग्रेस ने आने वाले दिनों में संगठन को मजबूत करने और सरकार के खिलाफ जनहित से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन को आगे बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा की।
Anubhav Dubey 
