12 February 2026: वैलेंटाइन वीक में साइबर ठगी का जाल, डेटिंग एप्स पर बढ़े फर्जी प्रोफाइल, पढ़े इंदौर की आज की खबरें
पोकलेन मशीन से युवक पर हमले की कोशिश, वीडियो वायरल होने के बाद चालक गिरफ्तार
वैलेंटाइन वीक में साइबर ठगी का जाल, डेटिंग एप्स पर बढ़े फर्जी प्रोफाइल
वैलेंटाइन वीक के दौरान जहां लोग रिश्तों की शुरुआत कर रहे हैं, वहीं साइबर ठग इस मौके को ठगी के सीजन में बदल रहे हैं। इंदौर में डेटिंग एप्स के जरिए ठगी के कई मामले सामने आए हैं, जिसके बाद क्राइम ब्रांच ने विशेष एडवाइजरी जारी की है।
साइबर अपराधी फर्जी प्रोफाइल बनाकर आकर्षक तस्वीरों और मीठी बातों के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। पहले दोस्ती और भरोसा बनाया जाता है, फिर गिफ्ट भेजने, होटल बुकिंग या मेडिकल इमरजेंसी के नाम पर पैसे मांगे जाते हैं। कई मामलों में कस्टम में गिफ्ट फंसने का बहाना बनाकर शुल्क मांगा जाता है।
इंदौर में कई शिकायतकर्ता सामने आए हैं, लेकिन सामाजिक बदनामी के डर से कई लोग शिकायत दर्ज नहीं कराते। पुलिस के अनुसार, युवा वर्ग और अकेले रहने वाले लोग सबसे ज्यादा निशाने पर हैं। क्राइम ब्रांच ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को निजी जानकारी, बैंक डिटेल या ओटीपी साझा न करें। संदेह होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।
पोकलेन मशीन से युवक पर हमले की कोशिश, वीडियो वायरल होने के बाद चालक गिरफ्तार
इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र के छोटा बांगड़दा इलाके में पोकलेन मशीन से एक युवक पर हमला करने की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, छोटा बांगड़दा क्षेत्र में निर्माण कार्य के दौरान पोकलेन मशीन चलाई जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मशीन चालक लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक वाहन चालक ने उसे सावधानी बरतने की समझाइश दी। इस पर चालक भड़क गया और उसने पोकलेन के पंजे से युवक पर हमला करने की कोशिश की।
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि युवक किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाता है। पीड़ित ने तुरंत पुलिस को शिकायत दी। एरोड्रम पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर स्वसंज्ञान लेते हुए आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरियादी और आरोपी की पहचान कर ली गई है तथा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।
एमआर-4 क्षेत्र में युवक की गला रेतकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी
इंदौर में हत्या की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बाणगंगा थाना क्षेत्र के एमआर-4 स्थित सुनसान इलाके में एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। सुबह खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मृतक की पहचान खोजराम पिता लखन नारंगे के रूप में हुई है, जो मूल रूप से छत्तीसगढ़ का निवासी था और इंदौर में फोटो स्टूडियो में काम करता था।
एसीपी रुबीना मिजवान ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हत्या के पीछे के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है।
व्यापारी ने जहर खाकर किया आत्महत्या का प्रयास, वीडियो में लगाए गंभीर आरोप
इंदौर के चंदन नगर क्षेत्र में एक व्यापारी द्वारा जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है। जहर खाने से पहले व्यापारी ने एक वीडियो बनाकर तीन लोगों पर गंभीर आरोप लगाए और उन्हें अपनी हालत का जिम्मेदार ठहराया।
मोहम्मद मोहसिन ने बुधवार रात जहर खा लिया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है। पुलिस को उसके मोबाइल से एक वीडियो मिला, जिसमें उसने बताया कि व्यापारिक जरूरत के चलते उसने लगभग 10 लाख रुपये ऊंचे ब्याज पर लिए थे।
मोहसिन का आरोप है कि वह लाखों रुपये चुका चुका है, इसके बावजूद उसके मकान की रजिस्ट्री और चेक आरोपियों के पास हैं। 6 फरवरी को उसने इस संबंध में थाने में शिकायत भी दी थी।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस चौकी के सामने नाबालिग ने जहर खाया, बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई में देरी से नाराज थी
इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र की भागीरथपुरा चौकी के सामने एक नाबालिग लड़की ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि पीड़िता ने दो दिन पहले एक बिल्डर के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में कार्रवाई में देरी से नाराज होकर वह चौकी पहुंची और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग करने लगी।
चौकी प्रभारी द्वारा कानूनी प्रक्रिया समझाने के दौरान ही उसने अज्ञात पदार्थ निगल लिया। एसीपी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पीड़िता के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
नगर निगम की कार्रवाई के दौरान अधिकारी पर हमले की कोशिश, ठेला संचालक पर केस दर्ज
इंदौर के धार रोड क्षेत्र में नगर निगम की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई के दौरान एक ठेला संचालक द्वारा निगम अधिकारी पर हमला करने की कोशिश का मामला सामने आया है।
कार्रवाई के दौरान निगम अधिकारी जितेंद्र सोलंकी अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद थे। इसी दौरान ठेला संचालक जाकिर ने विरोध करते हुए तराजू उठाकर अधिकारी पर हमला करने की कोशिश की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
नगर निगम की शिकायत पर छत्रीपुरा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Varsha Shrivastava 
