Bhopal:न्यू मार्केट को मिलेगा नया रूप: पार्किंग, अतिक्रमण और सौंदर्यकरण पर बड़ा ब्लूप्रिंट तैयार
भोपाल के न्यू मार्केट को ‘आइडियल बिजनेस जोन’ बनाने के लिए बड़ा प्लान तैयार हुआ है। इसमें पार्किंग व्यवस्था सुधार, अतिक्रमण हटाकर नो-हॉकर्स जोन लागू करने और प्रमुख स्थानों के सौंदर्यकरण जैसे कदम शामिल हैं।
भोपाल: न्यू मार्केट को आधुनिक और व्यवस्थित व्यापारिक हब बनाने की दिशा में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने ठोस पहल शुरू कर दी है। न्यू मार्केट व्यापार संरक्षण समिति के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक भगवानदास सबनानी से मुलाकात कर बाजार को ‘आइडियल बिजनेस जोन’ में बदलने को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक में ऐसे कई फैसले लिए गए, जिनसे व्यापारियों और ग्राहकों दोनों को राहत मिलने की उम्मीद है।
पार्किंग व्यवस्था को मिलेगी नई दिशा
मार्केट के आसपास टू-व्हीलर पार्किंग (रंगमहल से डॉ. प्रसाद तक) जल्द शुरू की जाएगी। इसके साथ ही पिंक पार्किंग भी शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। फोर-व्हीलर पार्किंग के लिए नए स्थान चिन्हित किए जाएंगे। व्यापारियों और रहवासियों को मल्टीलेवल पार्किंग में रियायती पास उपलब्ध कराने की योजना भी बनाई जा रही है।

अतिक्रमण हटेगा, बाजार बनेगा व्यवस्थित
न्यू मार्केट को पूरी तरह व्यवस्थित करने के लिए इसे ‘नो-हॉकर्स जोन’ बनाने का निर्णय लिया गया है। अतिक्रमण हटाने के लिए स्थायी टीम तैनात होगी और पीली लाइन के भीतर ही व्यापार करने की अनुमति होगी। हॉकर्स को स्मार्ट सिटी के हाट बाजार क्षेत्र में स्थानांतरित किया जाएगा। पहले तीन दिन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, उसके बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्मार्ट लुक के लिए होंगे बड़े बदलाव
गणेश चौक (पिंक पार्किंग स्क्वायर) और SBI चौराहे का सौंदर्यकरण किया जाएगा। यहां स्मार्ट बुलेवर्ड गेट, पिक एंड ड्रॉप पॉइंट और बेहतर यातायात व्यवस्था विकसित की जाएगी। सुलभ कॉम्प्लेक्स का नवनिर्माण और खराब टाइल्स की जगह नई टाइल्स लगाने का काम भी किया जाएगा। क्वालिटी क्षेत्र के पीछे सड़कों का निर्माण भी प्रस्तावित है।

किराएदारी व्यवस्था में सुधार की तैयारी
30 साल के किराएदारी अनुबंध से जुड़ी समस्याओं पर भी बैठक में चर्चा हुई। विधायक ने भरोसा दिलाया कि पुराने सिस्टम की तरह 30 साल का अनुबंध फिर से लागू करने पर काम किया जा रहा है, जिससे व्यापारियों को राहत मिल सकेगी।
मैदान पर उतरेगा प्रशासन, होगा निरीक्षण
आने वाले सप्ताह में विधायक, नगर निगम और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम न्यू मार्केट का दौरा करेगी। इसका उद्देश्य योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू कर बाजार को पूरी तरह सुविधाजनक, साफ-सुथरा और ग्राहक-फ्रेंडली बनाना है।
sanjay patidar 
