अल्मोड़ा में बस हादसा: 160 फीट गहरी खाई में गिरी बस, 7 की मौत, 12 घायल

उत्तराखंड के अल्मोड़ा में आज सुबह यात्रियों से भरी बस 160 फीट गहरी खाई में गिर गई, जिससे 7 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 12 से ज्यादा लोगों की हालत गंभीर है।

अल्मोड़ा में बस हादसा: 160 फीट गहरी खाई में गिरी बस, 7 की मौत, 12 घायल
Uttarakhand Almora Bus Accident

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में 30 दिसंबर मंगलवार सुबह एक भयानक सड़क हादसा हुआ। यात्रियों से भरी बस 160 फीट गहरी खाई में गिर गई, जिससे 7 लोगों की मौत हो गई और 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा भिकियासैंण-रामनगर मार्ग पर शीलापानी (विनायक क्षेत्र) के पास सुबह करीब 8 बजे हुआ। यह स्थान भिकियासैंण से लगभग 4 किलोमीटर दूर है।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस द्वाराहाट-भिकियासैंण-बासोट मार्ग से रामनगर जा रही थी। अचानक चालक ने बस पर नियंत्रण खो दिया, जिससे यह खाई में जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया। मौके पर एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय ग्रामीण राहत और बचाव कार्य में जुट गए। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण रेस्क्यू कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए भिकियासैंण के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर हालत वाले दो घायलों को रामनगर के राम दत्त जोशी राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में भेजा गया। बाद में हालात बिगड़ने पर दो घायलों को हेलिकॉप्टर से AIIMS ऋषिकेश रेफर किया गया।

दुर्घटनाग्रस्त बस कुमाऊं मोटर ऑनर्स यूनियन (केएमओयू) की 28 सीटर प्राइवेट बस (UK 07 PA 4025) थी। बस का रामनगर पहुंचने का समय करीब 11 बजे था। मृतकों में से 5 अल्मोड़ा जिले के रहने वाले हैं, जबकि अन्य 2 की पहचान की जा रही है। सभी गंभीर रूप से घायल यात्री भी अल्मोड़ा जिले के निवासी हैं। चालक की हालत नाजुक बताई जा रही है।

 पुलिस और प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहा है। स्थानीय लोग और बचाव दल मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।