सतना में रंगदारी और मारपीट के दो आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए
सतना के कोठी थाना क्षेत्र में पुलिस ने रंगदारी मांगने, मारपीट करने और जातिगत रूप से अपमानित करने के मामले में दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों आरोपी पिछले चार महीने से फरार थे।
सतना। युवक का रास्ता रोक कर गाली-गलौज और मारपीट कर जातिगत रूप से अपमानित कर रुपए की मांग करने वाले दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों की तलाश पुलिस को पिछले 4 महीने से थी। दोनों आरोपी कोठी थाना के निगरानीशुदा गुंडा- बदमाश थे।
इस संबंध में कोठी थाना प्रभारी संतोष तिवारी ने बताया कि 2 फरवरी को पवइया निवासी रामनरेश चौधरी पिता शम्भू चौधरी को अनुराग सिंह और विनय सिंह ने डरा धमका कर रुपए की मांग की। मांग न पूरी करने पर गाली-गलौज कर मारपीट करते हुए जातिगत रूप से अपमानित किया गया। पीड़ित रामनरेश की शिकायत पर धारा 296बी, 115(2), 119(1), 351(3), 3(5) BNS और SC-ST एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश देकर 4 महीने से फरार चल रहे आरोपी अनुराग सिंह पिता दलवीर सिंह निवासी लोखरिहा थाना कोठी और विनय उर्फ रवि सिंह पिता गुलाब सिंह निवासी पवइया थाना कोठी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी कोठी संतोष तिवारी ने बताया कि आरोपी अनुराग और विनय उर्फ रवि आदतन बदमाश है। दोनों के विरुद्ध पहले से कोठी थाना में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। दोनों कोठी थाना के निगरानीशुदा बदमाश है। कार्रवाई में ASI अश्विनीधर द्विवेदी, प्रधान आरक्षक देवेन्द्र सेन, आरक्षक रामगणेश पटेल, रिंकू जाटव शामिल रहे।
Varsha Shrivastava 
