बैरसिया में किसानों का जंगी प्रदर्शन : 200 ट्रैक्टरों के साथ बस स्टैंड पर रोका, रात ईटखेड़ी में ठहराव
Bhopal Farmers Protest : किसानों का कहना है कि कई इलाकों में फसल लगभग पूरी तरह खराब हो गई है। इसके बावजूद वर्ष 2024-25 की फसल बीमा राशि अब तक नहीं मिली है।
Bhopal Farmers Protest : मध्य प्रदेश। भोपाल देहात के बैरसिया से बड़ी खबर आ रही है, जहाँ बर्बाद फसलों को लेकर किसानों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा है। भारतीय किसान संघ के बैनर तले नजीराबाद, बैरसिया और हुजूर के हजारों किसानों ने आज 200 से ज्यादा ट्रैक्टरों के साथ विशाल रैली निकाली और भोपाल कूच किया। सभा के बाद किसानों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ADM प्रकाश नायक, SDM शिवांगी बघेल को ज्ञापन सौपा है।

मौसम और इल्ली के प्रकोप से फसल बर्बाद
किसानों का आरोप है कि खराब मौसम और इल्ली के प्रकोप से सोयाबीन और उड़द समेत खरीफ की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं, लेकिन 2024-25 का फसल बीमा आज तक नहीं मिला है। रैली नजीराबाद से शुरू होकर बैरसिया पहुंची ही थी कि पुलिस प्रशासन ने सैकड़ों किसानों को बस स्टैंड चौराहे पर रोक लिया।
किसानों ने अधिकारियों की बात मानने से इनकार कर दिया और वहीं बस स्टैंड चौराहे पर ही बैरसिया एसडीएम को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंप दिया। इसके बाद किसान बस स्टैंड से पैदल मार्च पर अड़े रहे।

किसानों ने रखीं बड़ी मांगें
किसानों ने फसल नुकसान के आकलन के लिए केवल सैटेलाइट सर्वे के बजाय मौके पर जाकर फिजिकल सर्वे कराने की मांग की है। उनका कहना है कि वास्तविक नुकसान का सही आकलन खेतों में पहुंचकर ही किया जा सकता है। इसके साथ ही किसानों ने मुआवजा देने और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की वर्ष 2024-25 की लंबित राशि तत्काल जारी करने की मांग रखी है।
किसानों ने आने वाले रबी सीजन के लिए पर्याप्त खाद और बीज उपलब्ध कराने की मांग भी की है। इसके साथ ही खेती के लिए जरूरी बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
किसानों के मुताबिक जिला प्रशासन से बातचीत के बाद भी उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ है। इसके चलते किसान आज रात ईटखेड़ी में रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद अगले दिन सुबह भोपाल कलेक्ट्रेट पहुंचने की तैयारी है। किसान वहां कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों पर तत्काल कार्रवाई की मांग करेंगे।



