भोपाल के MP नगर में निगम का एक्शन, विशाल मेगा मार्ट के सामने सालों पुराना अतिक्रमण हटाया

भोपाल के MP नगर जोन-1 में विशाल मेगा मार्ट के सामने नगर निगम ने सालों पुराने अतिक्रमण पर कार्रवाई की। बिरयानी एक्सप्रेस का टेम्पो जब्त कर निगम स्टोर भेजा गया।

भोपाल के MP नगर में निगम का एक्शन, विशाल मेगा मार्ट के सामने सालों पुराना अतिक्रमण हटाया

भोपाल। राजधानी के एमपी नगर जोन-1 में विशाल मेगा मार्ट के सामने वर्षों से जमे अवैध अतिक्रमण पर नगर निगम ने कार्रवाई की है। अतिक्रमण अधिकारी नासिर खान के नेतृत्व में निगम की टीम ने सड़क किनारे लंबे समय से खड़े टेम्पो को हटाया। कार्रवाई के दौरान बिरयानी एक्सप्रेस के बड़े टेम्पो को भी जब्त कर निगम के स्टोर में पहुंचाया गया।

बताया गया कि ये टेम्पो लंबे समय से सड़क किनारे खड़े थे और यहां व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। कुछ टेम्पो में एमपीईबी के बिजली कनेक्शन भी लगे होने की बात सामने आई है।

नासिर खान की टीम ने की कार्रवाई

नगर निगम की सायंकालीन टीम ने अतिक्रमण अधिकारी नासिर खान के नेतृत्व में कार्रवाई की। यह कार्रवाई निगम अपर आयुक्त अभिषेक सिंह और डिप्टी कमिश्नर हीरेंद्र कुशवाहा के निर्देश पर किए जाने की जानकारी दी गई है।

कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे खड़े टेम्पो को हटाया गया। इनमें बिरयानी एक्सप्रेस का टेम्पो भी शामिल था, जिसे निगम की टीम ने जब्त कर स्टोर में भेज दिया।

अतिक्रमण हटने से यातायात हुआ सुचारू

सालों से जमे अतिक्रमण को हटाए जाने के बाद विशाल मेगा मार्ट के सामने सड़क पर यातायात पहले की तुलना में सुचारू होने की बात कही जा रही है। सड़क किनारे जगह खाली होने से वाहन चालकों को भी राहत मिली है।

खाली जगह पर पेड़ और बेंच लगाने की मांग

अतिक्रमण हटने के बाद संस्था वॉच लीग की संयोजक चंदना अरोरा ने नगर निगम के अधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने निगम कमिश्नर से मांग की कि खाली हुई जगह पर पेड़ और बेंच लगाए जाएं, ताकि जगह को व्यवस्थित और आकर्षक बनाया जा सके और दोबारा अतिक्रमण की संभावना न रहे।

सड़क पर लगे बिजली मीटरों की जांच की मांग

वॉच लीग ने सड़क किनारे लगे बिजली मीटरों को लेकर भी एमपीईबी के वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी है। संस्था का आरोप है कि कुछ बिजली मीटर बिना स्पष्ट एड्रेस के लगाए गए हैं। ऐसे मीटरों की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की गई है।

वॉच लीग का कहना है कि इलाके में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहनी चाहिए, ताकि सड़क और सार्वजनिक स्थान पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त हो सकें।