सोने में डिस्टर्ब किया तो बड़े भाई ने छोटे भाई की ले ली जान
रीवा जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र के हरदुआ गांव में मंगलवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक बड़े भाई ने गुस्से में आकर अपने ही छोटे भाई की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा और दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक गांव के रहने वाले धर्मेंद्र कोल (उम्र करीब 28 साल) और उसके छोटे भाई गोलू कोल (उम्र करीब 23 साल) के बीच रात में सोने को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र सो रहा था और उसने छोटे भाई से कहा कि उसे सोने में खलल (डिस्टर्ब) न डाले।
इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर बड़े भाई धर्मेंद्र ने धारदार हथियार से गोलू की आंख के पास हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि गोलू की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी धर्मेंद्र अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही गुढ़ थाने की टीम मौके पर पहुंच गई। थाना प्रभारी शैलेंद्र यादव, सहायक उपनिरीक्षक सुरेश साकेत और पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और शव को अपने कब्जे में ले लिया। फिलहाल शव मृतक के घर पर रखा गया है। पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दे दी है और फोरेंसिक टीम के आने का इंतजार किया जा रहा है। साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा जाएगा।

उधर पुलिस फरार आरोपी धर्मेंद्र कोल उर्फ भिंडू की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी को आरोपी के बारे में जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।


