कंटीले तार में फंसने से युवक की दर्दनाक मौत, नशे में हुआ हादसा
चितरंगी के खुरमुचा गांव में नशे की हालत में कंटीले तारों में फंसने से एक 40 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
सिंगरौली। थाना चितरंगी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खुरमुचा में एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में मृत अवस्था में मिला। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम खुरमुचा निवासी शोभनाथ कोल ने थाने पहुंचकर सूचना दी कि उसका भतीजा बलराम कोल उर्फ शिवकुमार कोल (40) शनिवार शाम करीब 8 बजे घर से बसाही की ओर गया था। रविवार शाम परिजनों को सूचना मिली कि वह गांव के लवकुश द्विवेदी के घर के पास मृत अवस्था में पड़ा है।
मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने देखा कि मृतक के गले में लाल रंग की साफी बंधी हुई थी, जिसके दोनों सिरे कंटीले तार में फंसे थे। परिजनों ने बताया कि मृतक शराब का सेवन करता था। आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में वह कंटीले तार में फंस गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।

