इंदौर: पूर्व कांग्रेस पार्षद अनवर कादरी गिरफ्तार, फर्जी जम्मू-कश्मीर शस्त्र लाइसेंस का खुलासा
27 से ज्यादा मामलों का आरोपी अनवर कादरी गिरफ्तार, फर्जी आर्म्स लाइसेंस नेटवर्क की जांच तेज
इंदौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 27 से अधिक गंभीर आपराधिक मामलों में आरोपी और लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात बदमाश अनवर कादरी उर्फ डकैत को सदर बाजार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले से जारी फर्जी शस्त्र लाइसेंस के आधार पर लाइसेंसी बंदूक हासिल की थी। पुलिस अब इस फर्जी लाइसेंस नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। वहीं, पूरे मामले को लेकर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने भी निष्पक्ष और सख्त जांच की मांग की है।
दरअसल इंदौर के सदर बाजार थाना पुलिस ने कुख्यात अपराधी अनवर कादरी उर्फ डकैत को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ इंदौर के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, बलवा, मारपीट और अन्य गंभीर अपराधों सहित 27 से अधिक मामले दर्ज हैं। उसकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए उस पर पहले राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस के अनुसार, फरवरी 2025 में अनवर कादरी ने जावेद खान के घर में लाइसेंसी बंदूक के साथ जबरन घुसकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी थी।
मामले की जांच के दौरान पता चला कि जिस शस्त्र लाइसेंस के आधार पर उसने हथियार प्राप्त किया था, वह जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले से जारी फर्जी लाइसेंस था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के साथ-साथ धोखाधड़ी और कूटरचना की धाराओं में भी मामला दर्ज किया था। वही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस किस माध्यम से बनाए गए, इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसके तार कहां तक जुड़े हुए हैं। इस मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच की जा रही है।
वहीं, इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि अनवर कादरी पर कई गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। एक मामले से छूटने के बाद वह दूसरे मामले में गिरफ्तार होता रहा है। उन्होंने कहा कि आरोपी अपनी हरकतों के चलते पार्षद पद भी गंवा चुका है। महापौर ने शासन और पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष और सख्त जांच की मांग करते हुए कहा कि इस फर्जी शस्त्र लाइसेंस प्रकरण के तार और भी कई लोगों तक जुड़े हो सकते हैं, इसलिए पूरे नेटवर्क का खुलासा होना जरूरी है।
Varsha Shrivastava 
