मऊगंज में 26 अप्रैल को दो केंद्रों पर होगी राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा, त्रिस्तरीय जांच व्यवस्था लागू

मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) द्वारा आयोजित राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 26 अप्रैल को मऊगंज जिले में दो परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी.

मऊगंज में 26 अप्रैल को दो केंद्रों पर होगी राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा, त्रिस्तरीय जांच व्यवस्था लागू

मऊगंज। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) द्वारा आयोजित राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 26 अप्रैल (रविवार) को मऊगंज जिले में दो परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो सत्रों में होगी। पहला सत्र सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरा सत्र दोपहर 2:15 बजे से शाम 4:15 बजे तक संपन्न होगा।

जिले में पीएमश्री शासकीय केदारनाथ महाविद्यालय और शासकीय कन्या उमावि को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आयोग ने विशेष व्यवस्थाएं लागू की हैं। जिले के लिए सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी राजकुमार पाठक को प्रेक्षक नियुक्त किया गया है, जिन्होंने दोनों केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर पीके पांडेय और एसडीएम एपी द्विवेदी भी मौजूद रहे।

परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए इस बार त्रिस्तरीय जांच प्रक्रिया लागू की गई है। इसके तहत परीक्षार्थियों का बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन, एडमिट कार्ड स्कैनिंग और हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) से जांच की जाएगी। सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 90 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा।

सुरक्षा के लिहाज से दोनों सत्रों में फ्रिस्किंग की जाएगी। पुरुष अभ्यर्थियों की जांच पुरुष स्टाफ और महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला स्टाफ द्वारा अलग केबिन में की जाएगी। ट्रांसजेंडर अभ्यर्थियों को अपनी सुविधा अनुसार जांच के लिए विकल्प दिया गया है।

परीक्षा केंद्र में केवल बॉलपेन, पारदर्शी पानी की बोतल, ई-एडमिट कार्ड और वैध पहचान पत्र ले जाने की अनुमति होगी। अन्य किसी भी वस्तु को पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है।