MP: प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ताओं की समीक्षा बैठक, संगठन और मीडिया रणनीति पर विस्तृत से मंथन

भोपाल में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ताओं की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक विशेष रूप से उपस्थित रहे।

MP: प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ताओं की समीक्षा बैठक, संगठन और मीडिया रणनीति पर विस्तृत से मंथन
Madhya Pradesh Congress Spokespersons

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय, भोपाल में प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ताओं की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस बैठक का उद्देश्य प्रवक्ताओं को सौंपे गए दायित्वों की समीक्षा करना, मीडिया में पार्टी की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाना तथा संगठनात्मक समन्वय को मजबूत करना रहा।

कांग्रेस की इस बैठक में प्रवक्ताओं द्वारा अब तक किए गए कार्यों, मीडिया में उठाए गए जनहित के मुद्दों, प्रेस वार्ताओं और बयानों की विस्तार से समीक्षा की गई। साथ ही यह भी चर्चा की गई कि किस प्रकार भाजपा सरकार की नीतियों, कार्यशैली और विफलताओं को तथ्यों के साथ जनता के सामने रखा जाए। प्रवक्ताओं के कार्य प्रदर्शन, मीडिया संवाद की गुणवत्ता और संगठन के साथ तालमेल पर बिंदुवार मंथन किया गया।

पार्टी प्रवक्ताओं की भूमिका बेहद अहम- जीतू पटवारी

पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कहा कि वर्तमान राजनीतिक हालात में पार्टी प्रवक्ताओं की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने निर्देश दिए कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था और किसानों से जुड़े मुद्दों को जिम्मेदारी और मजबूती के साथ मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के आंदोलनों, कार्यक्रमों और जनसंघर्षों को प्रभावी ढंग से प्रचारित किया जाना चाहिए।

वहीं, मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा कि मीडिया के साथ निरंतर, संतुलित और सकारात्मक संवाद समय की जरूरत है। उन्होंने प्रवक्ताओं से सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और प्रिंट मीडिया—तीनों मंचों पर सक्रिय रहते हुए पार्टी का पक्ष मजबूती से रखने का आह्वान किया। साथ ही तुरंत प्रतिक्रिया और एकजुटता के साथ काम करने पर जोर दिया।

बैठक में आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों, आंदोलनों और संगठनात्मक अभियानों को लेकर भी रणनीति तय की गई। प्रवक्ताओं ने अपने सुझाव रखे और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। बैठक में प्रदेश कांग्रेस के सभी प्रवक्ता उपस्थित रहे।