इंदौर–रीवा के बीच शुरू हुई सीधी फ्लाइट, अब सफर होगा आसान

इंदौर और रीवा के बीच इंडिगो की सीधी उड़ान सोमवार से शुरू हो गई है। अब 15 घंटे का सफर सिर्फ 1 घंटे 45 मिनट में पूरा होगा, जिससे विंध्य क्षेत्र को बड़ा फायदा मिलेगा।

इंदौर–रीवा के बीच शुरू हुई सीधी फ्लाइट, अब सफर होगा आसान

विंध्य के लोगों के लिए आज का दिन खास बन गया है क्योंकि आज से इंदौर और रीवा के बीच सीधी फ्लाइट शुरू हो गई है। इंडिगो एयरलाइंस की इस फ्लाइट से ट्रेवलर्स को बड़ी राहत मिली है।

अब तक इंदौर से रीवा जाने में ट्रेन या बस से करीब 15 घंटे लगते थे, लेकिन अब सफर सिर्फ 1 घंटा 45 मिनट में पूरा हो जाएगा। बता दें की पहले ही दिन इस फ्लाइट की सभी सीटें भर गईं, जिससे साफ है कि इस रूट पर ट्रेवलर्स को 
अच्छी-खासी जरूरत थी। 

70 सीटर फ्लाइट, किराया 4700 रुपये

फ्लाइट 70 सीट्स की है। इसका किराया लगभग 4700 रुपये रखा गया है। इस सर्विस का फायदा सिर्फ रीवा को ही नहीं, बल्कि सतना, सीधी, सिंगरौली, पन्ना, मऊगंज और मैहर जैसे आसपास के जिलों को भी मिलेगा।

अब तक इंदौर से MP के अंदर सिर्फ जबलपुर के लिए ही सीधी फ्लाइट थी। रीवा अब दूसरा शहर बन गया है, जहां के लिए सीधी उड़ान शुरू हुई है।

फ्लाइट का टाइम 

  • इंदौर से रीवा: इंदौर से फ्लाइट सुबह 11:30 बजे उड़ान भरेगी और दोपहर 1:15 बजे रीवा पहुंचेगी।
  • रीवा से इंदौर: रीवा से फ्लाइट दोपहर 1:35 बजे उड़ान भरेगी और शाम 3:25 बजे इंदौर पहुंचेगी।

डिप्टी CM ने क्या कहा?

शहर के इस खुशी के पल में डिप्टी CM राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि इंदौर-रीवा की सीधी फ्लाइट विंध्य के लिए एक बड़ा कदम है। इससे इलाके की हवाई कनेक्टिविटी बेहतर होगी। एजुकेशन, इलाज, बिजनेस और रोजगार के मौके बढ़ेंगे। सरकार की कोशिश है कि प्रदेश के हर संभाग को अच्छी हवाई सुविधा से जोड़ा जाए।

लंबे समय से थी मांग

ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत सिंह जादौन ने बताया कि इस फ्लाइट की मांग काफी समय से की जा रही थी। विंध्य क्षेत्र के कई लोग इंदौर और आसपास के शहरों में रहते हैं।