दुकान हटाने के विरोध में व्यापारियों का धरना चौथे दिन भी जारी
रीवा में अमहिया से हॉस्पिटल चौराहे तक की दुकानों को हटाने के खिलाफ व्यापारी चौथे दिन भी धरने पर डटे हैं और पुनर्वास की मांग कर रहे हैं।
रीवा में सुपर स्पेशलिटी मार्केट के व्यापारियों का धरना चौथे दिन भी जारी रहा। व्यापारी अपनी दुकानों को हटाने के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि प्रशासन अतिक्रमण के नाम पर उनकी सालों पुरानी दुकानों को तोड़ना चाहता है, जिससे उनकी रोजी-रोटी पर संकट आ गया है।
व्यापारियों के मुताबिक, वो करीब 65 साल से यहां दुकान चला रहे थे। अचानक बिना कोई दूसरी जगह दिए दुकानों को हटाने की तैयारी से सैकड़ों परिवारों की कमाई बंद होने का खतरा खड़ा हो गया है।
धरने में आम आदमी पार्टी के नेता प्रमोद शर्मा भी शुरुआत से शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई गरीब और मध्यम वर्ग के व्यापारियों के साथ अन्याय है और जब तक उन्हें सही जगह और न्याय नहीं मिलेगा, आंदोलन जारी रहेगा।
तेज गर्मी के बावजूद व्यापारी अपनी मांगों पर डटे हुए हैं। वे मांग कर रहे हैं कि उन्हें तुरंत दूसरी जगह दुकान दी जाए और हुए नुकसान का मुआवजा भी दिया जाए।
Saba Rasool 
