छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में वायुसेना का शानदार एयर शो : 8 हजार फीट से उतरे जवान; सारंग टीम ने आसमान में बनाए दिल और डायमंड
Chhattisgarh Rajyotsav 2026 : रायपुर राज्योत्सव में भारतीय वायुसेना का शानदार एयर शो हुआ। आकाशगंगा टीम के 8 जवान C-295 से पैराशूट के जरिए उतरे और सारंग टीम के 5 हेलिकॉप्टरों ने आसमान में आकर्षक करतब दिखाए।
Chhattisgarh Rajyotsav 2026 : रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के दौरान भारतीय वायुसेना ने शानदार एयर शो का प्रदर्शन किया। आसमान में वायुसेना के जवानों के हैरतअंगेज करतब देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे। आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम के 8 जवान C-295 विमान से करीब 8 हजार फीट की ऊंचाई से पैराशूट के जरिए नीचे उतरे। वहीं, MI-17 हेलिकॉप्टर से जवानों ने रस्सी के सहारे उतरने का प्रदर्शन किया।

एयर शो का सबसे बड़ा आकर्षण भारतीय वायुसेना की सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम रही। टीम के पांच हेलिकॉप्टरों ने आसमान में डायमंड, हार्ट और डॉल्फिन समेत कई आकर्षक आकृतियां बनाईं। खास बात यह रही कि सारंग टीम का छत्तीसगढ़ में यह पहला प्रदर्शन था। कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए 700 से 800 पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी।

8 हजार फीट की ऊंचाई से पैराशूट के जरिए उतरे 8 जवान
एयर शो में आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम के आठ प्रशिक्षित जवानों ने C-295 विमान से करीब 8 हजार फीट की ऊंचाई से छलांग लगाई। पैराशूट के जरिए जवानों की सुरक्षित लैंडिंग ने दर्शकों का उत्साह बढ़ा दिया। इस टीम का नेतृत्व स्क्वाड्रन लीडर आर्यन कैंत्युरा ने किया। टीम आगरा स्थित पैराट्रूपर्स ट्रेनिंग स्कूल से रायपुर पहुंची थी।

MI-17 हेलिकॉप्टर से रस्सी के सहारे उतरे जवान
एयर शो में MI-17 हेलिकॉप्टर ने भी अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन किया। जवान हेलिकॉप्टर से रस्सी के सहारे जमीन पर उतरे। यह तकनीक विशेष परिस्थितियों में जवानों को किसी स्थान पर तेजी से पहुंचाने के लिए इस्तेमाल की जाती है।

MI-17 हेलिकॉप्टर सैन्य अभियानों के साथ-साथ आपदा राहत और बचाव कार्यों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। बाढ़, भूस्खलन और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में फंसे लोगों को निकालने, घायलों को अस्पताल पहुंचाने और राहत सामग्री पहुंचाने में इसका इस्तेमाल किया जाता है।

सारंग टीम के 5 हेलिकॉप्टरों ने बनाए दिल और डायमंड
एयर शो में सारंग टीम की प्रस्तुति ने दर्शकों का विशेष ध्यान खींचा। टीम के पांच स्वदेशी एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर (ALH) ध्रुव ने एक साथ उड़ान भरकर करीब 10 तरह के करतब दिखाए।
प्रदर्शन की प्रमुख खासियतें रहीं
हार्ट फॉर्मेशन: हेलिकॉप्टरों ने सफेद धुएं के जरिए आसमान में दिल की आकृति बनाई।
डायमंड फॉर्मेशन: पांचों हेलिकॉप्टरों ने हीरे जैसी आकृति बनाकर उड़ान भरी।
डॉल्फिन मूवमेंट: हेलिकॉप्टरों ने डॉल्फिन की तरह ऊपर-नीचे उड़ान भरी।
इंडिया फॉर्मेशन: आसमान में आकर्षक सामूहिक फॉर्मेशन का प्रदर्शन किया।
सारंग स्प्लिट: पांचों हेलिकॉप्टर अचानक अलग-अलग दिशाओं में उड़ान भरते नजर आए।
हेलिकॉप्टरों से निकलने वाले रंगीन धुएं ने आसमान में तिरंगे जैसी छटा बिखेर दी।

मोर से प्रेरित है सारंग हेलिकॉप्टरों का डिजाइन
सारंग टीम में इस्तेमाल होने वाले ALH ध्रुव हेलिकॉप्टर स्वदेशी तकनीक से विकसित किए गए हैं। इनका रंगीन डिजाइन भारतीय राष्ट्रीय पक्षी मोर से प्रेरित है। हेलिकॉप्टरों पर बने आकर्षक रंगीन पैटर्न मोर के पंखों की खूबसूरती को दर्शाते हैं।
सारंग टीम का गठन वर्ष 2003 में हुआ था। यह टीम भारत और विदेशों के कई एयर शो में अपनी प्रस्तुति दे चुकी है। इन हेलिकॉप्टरों का इस्तेमाल जरूरत पड़ने पर राहत और बचाव अभियानों में भी किया जा सकता है।

तीन दिनों में तीन बड़े कलाकारों की प्रस्तुति
छत्तीसगढ़ रविवार को अपना 26वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस मौके पर नवा रायपुर में तीन दिवसीय राज्योत्सव शुरू होगा। इस बार आयोजन की थीम 'सशक्त नारी-युवा उड़ान' रखी गई है। राज्योत्सव में हर दिन बॉलीवुड और संगीत जगत के कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। 1 नवंबर को पलक मुच्छाल, 2 नवंबर को स्वस्ति मेहुल और 3 नवंबर को अभिजीत भट्टाचार्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया मौजूद रहेंगे। दूसरे दिन राज्यपाल रमेन डेका शामिल होंगे। वहीं, समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने की संभावना है।

छह रास्तों से प्रवेश, 40 हजार वाहनों की पार्किंग
आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। इसे देखते हुए प्रशासन ने छह रास्तों से आने की व्यवस्था की है। करीब 40 हजार वाहनों की पार्किंग बनाई गई है। दर्शकों को दो प्रवेश द्वारों से आयोजन स्थल में प्रवेश दिया जाएगा।
स्वास्थ्य और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था
लोगों की सुविधा के लिए 300 शौचालय बनाए गए हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए 20 बेड का अस्पताल, आईसीयू और 25 एंबुलेंस तैनात रहेंगी। सुरक्षा के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौजूद रहेंगी। इसके अलावा विशाल डोम, पेयजल, बिजली और सफाई की व्यवस्था की गई है। करीब 60 एलईडी स्क्रीन पर कार्यक्रमों का प्रसारण होगा।
26 विभागों की प्रदर्शनियों में दिखेगी विकास की तस्वीर
राज्योत्सव में 26 सरकारी विभाग अपने स्टॉल लगाएंगे। इनमें कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, उद्योग, वन, परिवहन और आदिवासी विकास विभाग शामिल हैं। इन प्रदर्शनियों में सरकारी योजनाओं, उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजनाओं की जानकारी दी जाएगी। देश के अलग-अलग राज्यों से आए कारीगर भी अपनी कला और उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे।

