फोन की बैटरी फूले तो हो जाएं सावधान: Blast और आग लगने का खतरा, भूलकर भी न करें ये गलतियां
Smartphone Battery Swelling: पुराने फोन की बैटरी क्यों फूलती है? इससे आग लगने और ब्लास्ट का खतरा, जानें इसके कारण, बचाव के तरीके और बैटरी फूलने पर क्या करना चाहिए?
कई लोगों के पास एक से ज्यादा Smartphone होते हैं। इनमें एक फोन का रोज इस्तेमाल होता है, जबकि दूसरा लंबे समय तक अलमारी या दराज में पड़ा रहता है। लेकिन जब कई महीनों बाद उस पुराने फोन को निकालते हैं तो कई बार उसका Back Panel बाहर की तरफ उठा हुआ दिखाई देता है। दरअसल, ऐसा फोन की Battery Swelling यानी बैटरी फूलने की वजह से होता है।

अक्सर लोग इसे पुराने फोन की सामान्य समस्या समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। कुछ लोग तो फूली हुई बैटरी वाले फोन को भी इस्तेमाल करते रहते हैं। लेकिन ऐसा करना खतरनाक हो सकता है। फोन की बैटरी फूलना आग लगने और बैटरी फटने का खतरा बढ़ा सकता है।

अगर आपके पुराने स्मार्टफोन की बैटरी अचानक फूल गई है, तो इसे नजरअंदाज मत करें। यह छोटी सी लापरवाही किसी बड़े हादसे को दावत दे सकती है। आइए जानते हैं कि Smartphone की बैटरी क्यों फूलती है और ऐसी स्थिति में क्या करना चाहिए।
Battery क्यों फूल जाती है?
आजकल ज्यादातर स्मार्टफोन में Lithium-ion या Lithium-polymer Battery का इस्तेमाल होता है। इन बैटरियों में केमिकल रिएक्शन के जरिए बिजली स्टोर होती है और फोन को पावर मिलती है।
समय के साथ बैटरी के अंदर मौजूद केमिकल खराब होने लगते हैं। इससे बैटरी के अंदर गैस बनने लगती है। चूंकि बैटरी पूरी तरह सील होती है, इसलिए गैस बाहर नहीं निकल पाती। धीरे-धीरे अंदर दबाव बढ़ता है और बैटरी फूलने लगती है।
इसके अलावा कुछ दूसरी वजहें भी Battery Swelling का कारण बन सकती हैं।
- पुरानी बैटरी: समय के साथ बैटरी की क्षमता कम होती है और उसके अंदर केमिकल बदलाव होने लगते हैं।
- लंबे समय तक चार्जिंग: गलत चार्जिंग आदतें और खराब चार्जर बैटरी को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
- ज्यादा गर्मी: फोन को धूप, गर्म कार या अधिक तापमान वाली जगह पर रखने से बैटरी खराब हो सकती है।
- बार-बार गिरना: फोन गिरने या बैटरी पर चोट लगने से उसे नुकसान पहुंच सकता है।
- लंबे समय तक इस्तेमाल न करना: लंबे समय तक बिना सही देखभाल के फोन रखने से भी बैटरी खराब हो सकती है।
फूली हुई Battery कितनी खतरनाक?
फोन की बैटरी फूलने को कभी भी छोटी समस्या नहीं समझना चाहिए। फूली हुई Lithium-ion Battery में आग लगने या Thermal Runaway का खतरा रहता है। Thermal Runaway ऐसी स्थिति है, जिसमें बैटरी के अंदर तापमान तेजी से बढ़ता है और आग लग सकती है।

फूली हुई बैटरी फोन की स्क्रीन और दूसरे अंदरूनी हिस्सों पर दबाव डालती है। अगर ऐसी बैटरी को दबाया जाए, छेदा जाए या नुकसान पहुंचाया जाए तो उसमें आग लग सकती है। कुछ मामलों में बैटरी से धुआं निकल सकता है या वह फट भी सकती है।

कई लोग बैटरी में सुई या पिन चुभाकर गैस निकालने की कोशिश करते हैं। ऐसा करना बेहद खतरनाक है। इससे बैटरी में आग लग सकती है। इसी तरह रबर बैंड लगाकर फोन का इस्तेमाल करना भी सुरक्षित नहीं है।
Battery फूल जाए तो क्या करें?
अगर आपके फोन का Back Panel उठने लगे या स्क्रीन बाहर की तरफ आने लगे तो तुरंत सावधान हो जाएं। ऐसी स्थिति में ये बातें ध्यान रखें:
- फोन का इस्तेमाल बंद करें: अगर सुरक्षित हो तो फोन को स्विच ऑफ कर दें।
- चार्जिंग न करें: फूली हुई बैटरी को दोबारा चार्ज करने की कोशिश न करें।
- दबाव न डालें: फोन को दबाएं नहीं और बैटरी को निकालने या छेदने की कोशिश न करें।
- सुरक्षित जगह रखें: फोन को कागज, कपड़े, बिस्तर और दूसरी ज्वलनशील चीजों से दूर रखें। अगर फोन गर्म हो रहा है, धुआं या आवाज आ रही है तो उसे छूने या उठाने की कोशिश न करें। सुरक्षित दूरी बनाएं।
- सर्विस सेंटर जाएं: फोन की बैटरी किसी Authorised Service Centre पर ही बदलवाएं।
फूली बैटरी को कूड़ेदान में न फेंकें
पुरानी या खराब बैटरी को सामान्य कूड़ेदान में फेंकना भी खतरनाक हो सकता है। इसे दबाव या गर्मी मिलने पर आग लग सकती है। बैटरी को घर पर खोलने या खुद से ठीक करने की कोशिश न करें। इसे सुरक्षित तरीके से निपटाने के लिए Authorised Service Centre या अधिकृत E-Waste Collection Centre से संपर्क करें।

याद रखें, Smartphone की फूली हुई बैटरी सिर्फ फोन खराब होने का संकेत नहीं है, बल्कि आपकी सुरक्षा के लिए भी खतरा हो सकती है। इसलिए ऐसी समस्या दिखते ही फोन का इस्तेमाल बंद करना ही सबसे सुरक्षित कदम है।
Varsha Shrivastava 
