योगी बोले- सड़क पर नमाज नहीं पढ़ने देंगे: “प्यार से मानेंगे तो ठीक, नहीं तो दूसरा तरीका अपनाएंगे”

CM योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नमाज पढ़नी है तो तय जगह पर पढ़िए. संख्या ज्यादा है तो शिफ्ट में पढ़ लीजिए. हम नमाज नहीं रोकेंगे, लेकिन सड़क पर अराजकता नहीं होने देंगे.

योगी बोले- सड़क पर नमाज नहीं पढ़ने देंगे: “प्यार से मानेंगे तो ठीक, नहीं तो दूसरा तरीका अपनाएंगे”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बकरीद से पहले सड़कों पर नमाज पढ़ने को लेकर सख्त रुख अपनाया है. सोमवार को लखनऊ में आयोजित अमर उजाला के एक कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में सड़क पर नमाज नहीं पढ़ने दी जाएगी. उन्होंने कहा कि नमाज के लिए तय स्थानों का इस्तेमाल किया जाए और जरूरत पड़े तो लोग शिफ्ट में नमाज पढ़ें.

सीएम योगी ने कहा,

नमाज पढ़नी है तो तय जगह पर पढ़िए. संख्या ज्यादा है तो शिफ्ट में पढ़ लीजिए. हम नमाज नहीं रोकेंगे, लेकिन सड़क पर अराजकता नहीं होने देंगे. सड़कें नमाज पढ़ने या भीड़ जुटाने के लिए नहीं हैं. उन्होंने कहा कि सड़कें आम लोगों के आवागमन के लिए होती हैं और किसी को भी ट्रैफिक बाधित करने का अधिकार नहीं है. योगी ने कहा,

“लोग पूछते हैं कि क्या यूपी में सड़कों पर नमाज होती है? मैं कहता हूं- कतई नहीं. सड़कें चलने के लिए हैं, उन्हें अव्यवस्था फैलाने का माध्यम नहीं बनने दिया जाएगा.

“संख्या ज्यादा है तो कंट्रोल करो”

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान जनसंख्या को लेकर भी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने अधिक संख्या होने का हवाला दिया, जिस पर सरकार ने कहा कि यदि जगह कम पड़ रही है तो संख्या नियंत्रित करनी चाहिए. योगी ने कहा कि सभी को कानून और व्यवस्था के दायरे में रहना होगा.

बरेली हिंसा का भी किया जिक्र

योगी आदित्यनाथ ने बरेली में हुए बवाल का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां लोगों ने “हाथ आजमाया था” और प्रशासन की “ताकत भी देख ली।” उन्होंने दोहराया कि कानून सभी के लिए समान है और किसी को भी सड़क जाम करने या अव्यवस्था फैलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी.

दरअसल, सितंबर 2025 में ‘लव मोहम्मद’ विवाद के दौरान बरेली में मुस्लिम नेता मौलाना तौकीर रजा ने नमाज के बाद धरना-प्रदर्शन का ऐलान किया था. पुलिस द्वारा रोकने पर वहां पथराव और लाठीचार्ज की घटना हुई थी.

“कट्टा-बम से ब्रह्मोस तक पहुंचा यूपी”

सीएम योगी ने प्रदेश के विकास और निवेश का जिक्र करते हुए कहा कि पहले उत्तर प्रदेश की पहचान “कट्टा और बम” से होती थी, लेकिन अब यहां ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है. उन्होंने कहा कि सकारात्मक माहौल में ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ जैसी योजनाएं आगे बढ़ती हैं, जबकि नकारात्मक माहौल अपराध को बढ़ावा देता है. उन्होंने दावा किया कि यूपी में तेजी से निवेश आ रहा है और राज्य जल्द ही 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है.

महिलाओं की सुरक्षा पर भी बोले योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में महिलाएं दिन में भी बाहर निकलने से डरती थीं, लेकिन अब वे नाइट शिफ्ट में काम कर रही हैं और सुरक्षित घर लौट रही हैं. उन्होंने कहा कि यूपी अब ‘बीमारू राज्य’ नहीं बल्कि ‘रेवेन्यू सरप्लस स्टेट’ बन चुका है.

बंगाल चुनाव में भी उठाया था मुद्दा

सीएम योगी ने हाल ही में पश्चिम बंगाल चुनाव प्रचार के दौरान भी सड़कों पर नमाज का मुद्दा उठाया था. उन्होंने ममता बनर्जी पर तुष्टीकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा था कि यूपी में सड़कें यातायात के लिए हैं, नमाज के लिए नहीं.