नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने पर अजय सिंह का तंज, बोले- इतने बड़े नेता को भी BJP ने किनारे कर दिया
भोपाल: अजय सिंह राहुल भैया ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से किया संवाद, बोले- 2028 का चुनाव कांग्रेस के लिए आखिरी मौका, टिकट की नहीं, एकजुटता पर देकर कहा- कांग्रेस की जीत की चिंता करें
भोपाल। पूर्व नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय सिंह राहुल भैया ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद के दौरान भाजपा और पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा को लेकर तीखा हमला बोला। दतिया विधानसभा सीट पर भाजपा द्वारा नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं दिए जाने पर अजय सिंह ने कहा कि मिश्रा चुनाव लड़ने की पूरी तैयारी कर चुके थे, लेकिन पार्टी ने अंतिम समय में उन्हें दरकिनार कर दिया। उन्होंने इसे भाजपा की कार्यशैली बताते हुए कहा कि वहां किसी भी नेता की कोई गारंटी नहीं है।

कार्यालय खोल लिया था, फिर भी टिकट काट दिया
अजय सिंह ने कहा कि नरोत्तम मिश्रा ने दतिया में चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी थीं। उन्होंने कार्यालय भी खोल लिया था और करीब 15 दिनों से चुनावी गतिविधियों में जुटे हुए थे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कोर्ट में दांव लगाकर सीट खाली कराई गई, लेकिन भाजपा ने अचानक आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार घोषित कर दिया। अजय सिंह ने कहा, "बेचारे हमारे नरोत्तम भाई... भाजपा में किसी की कोई परख नहीं है। चाहे कितना भी बड़ा नेता हो, उसे उठाकर किनारे कर दिया जाता है।"

कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिया एकजुटता का संदेश
इस दौरान अजय सिंह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी एकजुट होकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी पिछले 25 वर्षों से सत्ता से बाहर है और अब गुटबाजी छोड़कर संगठन को मजबूत करने का समय है। उन्होंने कहा कि टिकट किसे मिलेगा, इसकी चिंता करने के बजाय सभी का लक्ष्य कांग्रेस उम्मीदवार को जिताना होना चाहिए। अजय सिंह ने दावा किया कि उन्होंने प्रदेश के 40 जिलों का दौरा कर कार्यकर्ताओं से संवाद किया है और हर जगह संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को हराने के लिए कांग्रेस की एकजुटता ही सबसे बड़ी ताकत होगी।

Varsha Shrivastava 
