लॉर्ड्स में पहली बार खेला जा रहा महिला टेस्ट, कभी खिलाड़ियों के लिए अलग टॉयलेट तक नहीं था, देखिए पूरी कहानी

लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर 92 साल बाद पहली बार महिला टेस्ट मैच खेला जा रहा है. कभी महिला खिलाड़ियों के लिए अलग टॉयलेट तक नहीं था, आज इतिहास रचा गया.

लॉर्ड्स में पहली बार खेला जा रहा महिला टेस्ट, कभी खिलाड़ियों के लिए अलग टॉयलेट तक नहीं था, देखिए पूरी कहानी

क्रिकेट का मोस्ट पोपुलर मैदान लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड ने आखिरकार 92 साल बाद महिला टेस्ट क्रिकेट की मेजबानी की है. 10 जुलाई 2026 का दिन लॉर्ड्स के इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज हो गया, जब भारत और इंग्लैंड की महिला टीमों के बीच यहां पहला महिला टेस्ट मैच शुरू हुआ.

दिलचस्प बात यह है कि जिस मैदान पर अब तक 150 पुरुष टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं और जिसे 'होम ऑफ क्रिकेट' कहा जाता है, वहां महिला टेस्ट कराने में पूरे 92 साल लग गए.

कभी महिला खिलाड़ियों के लिए अलग वॉशरूम भी नहीं था

आज लॉर्ड्स में महिला टेस्ट खेला जा रहा है, लेकिन एक समय ऐसा भी था जब यहां महिला क्रिकेटरों के लिए अलग टॉयलेट तक नहीं था. यह घटना 4 अगस्त 1976 की है, जब लॉर्ड्स में पहला महिला वनडे मैच इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया था।. उस समय महिला खिलाड़ियों को मजबूरी में पुरुषों के वॉशरूम का इस्तेमाल करना पड़ा था. इंग्लैंड की पूर्व क्रिकेटर मेगन लियर, जो उस मैच का हिस्सा थीं, ने बाद में बताया कि पुरुषों के यूरिनल्स में पौधों के गमले रख दिए गए थे ताकि महिला खिलाड़ी उनका इस्तेमाल न कर सकें. उस दौर में लॉर्ड्स में महिलाओं के लिए अलग वॉशरूम की व्यवस्था ही नहीं थी.

लॉर्ड्स पर पहला महिला वनडे भी देर से हुआ

महिला वनडे क्रिकेट की शुरुआत 1973 में हुई थी. पहला निर्धारित मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया, जबकि पहला आधिकारिक महिला वनडे इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया. इसके बावजूद लॉर्ड्स को महिला वनडे की मेजबानी करने में भी तीन साल लग गए. आखिरकार 4 अगस्त 1976 को यहां पहला महिला वनडे खेला गया, जिसमें इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हराया.

1934 से खेला जा रहा है महिला टेस्ट क्रिकेट

महिला टेस्ट क्रिकेट का इतिहास 1934 से शुरू होता है. पहला महिला टेस्ट ऑस्ट्रेलिया के ब्रिस्बेन में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया था.

पिछले नौ दशकों में दुनिया के कई बड़े मैदानों पर महिला टेस्ट खेले गए, लेकिन लॉर्ड्स इस सूची से बाहर रहा. अब भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जा रहा मुकाबला महिला टेस्ट इतिहास का 153वां टेस्ट मैच है और लॉर्ड्स पर पहला.

दर्शकों का भी जबरदस्त उत्साह

लॉर्ड्स में हो रहे इस ऐतिहासिक टेस्ट के लिए 30 हजार से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं। यह सिर्फ एक क्रिकेट मैच नहीं, बल्कि महिला क्रिकेट के लंबे संघर्ष और बदलते दौर की कहानी भी है. जिस मैदान पर कभी महिला खिलाड़ियों के लिए बुनियादी सुविधाएं भी नहीं थीं, आज वहीं हजारों दर्शक महिला टेस्ट देखने पहुंचे हैं. यह बदलाव बताता है कि महिला क्रिकेट ने सम्मान और पहचान की दिशा में कितनी लंबी यात्रा तय की है.