मैहर में भीषण सड़क हादसा: तूफान वाहन कंटेनर से टकराया, 2 की मौत, 12 गंभीर घायल

मैहर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-30 पर ग्राम तिलौरा के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार तूफान वाहन हाईवे किनारे खड़े एक कंटेनर में पीछे से जा घुसा। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, सभी लोग अस्थि विसर्जन के लिए प्रयागराज जा रहे थे।

मैहर में भीषण सड़क हादसा: तूफान वाहन कंटेनर से टकराया, 2 की मौत, 12 गंभीर घायल

मैहर: मैहर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-30 पर ग्राम तिलौरा के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार तूफान वाहन हाईवे किनारे खड़े एक कंटेनर में पीछे से जा घुसा। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, सभी लोग अस्थि विसर्जन के लिए प्रयागराज जा रहे थे।

बताया जा रहा है कि तूफान वाहन में सवार सभी लोग मध्य प्रदेश के कटनी जिले से प्रयागराज (इलाहाबाद) अस्थि विसर्जन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम तिलौरा के पास हाईवे किनारे खड़े कंटेनर से वाहन की टक्कर हो गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।

चालक की मौके पर मौत, वाहन में फंसा रहा शव

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि तूफान वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन चला रहे चालक की मौके पर ही मौत हो गई और उसका शव काफी देर तक वाहन में फंसा रहा। सूचना मिलने पर पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया।

इलाज के दौरान दूसरी मौत

हादसे में गंभीर रूप से घायल एक अन्य व्यक्ति को तत्काल एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल और निजी अस्पतालों में जारी है। कई घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

ग्रामीणों की तत्परता से बची कई जानें

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिना देर किए घायलों को वाहन से बाहर निकाला। समय रहते राहत कार्य शुरू होने से कई लोगों की जान बच सकी। बाद में देहात थाना पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य संभाला।