शेयर बाजार में भारी गिरावट: सेंसेक्स 1000 अंक टूटा, निफ्टी में भी 300 अंक से ज्यादा की गिरावट

शेयर बाजार में भूचाल: ईरान-इजराइल तनाव और कच्चे तेल की कीमतों से सेंसेक्स-निफ्टी धड़ाम, ऑटो और बैंकिंग शेयरों में बिकवाली का दबाव

शेयर बाजार में भारी गिरावट: सेंसेक्स 1000 अंक टूटा, निफ्टी में भी 300 अंक से ज्यादा की गिरावट

11 मई 2026। सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में तेज गिरावट देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में ही निवेशकों में घबराहट का माहौल बन गया, जिसका असर साफ दिखाई दिया। BSE SENSEX करीब 1,000 अंक टूटकर लगभग 76,300 के स्तर पर आ गया, जबकि NIFTY 50 भी 300 से अधिक अंकों की गिरावट के साथ 23,900 के आसपास कारोबार करता नजर आया।

बाजार में गिरावट के ये हैं कारण

  • बाजार में गिरावट का सबसे बड़ा कारण वैश्विक स्तर पर बढ़ता तनाव बताया जा रहा है। ईरान-इजराइल युद्ध जैसे भू-राजनीतिक हालात ने निवेशकों की धारणा को कमजोर किया है। इसके चलते वैश्विक बाजारों में भी अस्थिरता देखने को मिल रही है, जिसका सीधा असर भारतीय शेयर बाजार पर पड़ा है।
  • इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतों में संभावित बढ़ोतरी ने भी बाजार पर दबाव बढ़ाया है। भारत एक आयात-निर्भर देश है, ऐसे में तेल महंगा होने से देश का इंपोर्ट बिल बढ़ सकता है और महंगाई में भी इजाफा होने की आशंका रहती है। इसका असर कंपनियों की लागत और मुनाफे पर पड़ता है, जिससे निवेशक सतर्क हो जाते हैं।
  • एशियाई बाजारों में कमजोरी भी भारतीय बाजार की गिरावट का एक कारण रही। विदेशी निवेशकों की बिकवाली और वैश्विक जोखिम से बचने की रणनीति ने भी बाजार की धारणा को प्रभावित किया है। आज के कारोबार में ऑटो, बैंकिंग और रियल्टी सेक्टर में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली। इन सेक्टरों में भारी बिकवाली के कारण समग्र बाजार पर दबाव बढ़ गया।

पिछ्ले हफ्ते में बाजार कमजोर रहा था

इससे पहले 8 मई को भी बाजार कमजोर रहा था, जब सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में गिरावट दर्ज की गई थी। लगातार दो सत्रों की कमजोरी से निवेशकों की चिंता बढ़ गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में बाजार की दिशा वैश्विक घटनाओं और कच्चे तेल की कीमतों पर निर्भर करेगी।