सतना में डिजिटल अटेंडेंस एप ने दिया धोखा, हजारों शिक्षक नहीं लगा सके हाजिरी
सतना में डिजिटल अटेंडेंस एप में तकनीकी खामी के चलते गुरुवार शाम हजारों शिक्षक ऑनलाइन हाजिरी दर्ज नहीं कर सके। लॉगआउट टाइम पर एप ने दिया धोखा।
सतना। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षकों की ऑनलाइन डिजिटल उपस्थिति दर्ज कराने के लिए लागू किए गए एप में गुरुवार शाम तकनीकी खामी सामने आ गई। लॉगआउट टाइम पर एप में आई दिक्कत के कारण बड़ी संख्या में शिक्षक अपनी डिजिटल हाजिरी दर्ज नहीं करा सके। निर्धारित समय पर शिक्षकों ने एप के जरिए उपस्थिति दर्ज करने का प्रयास किया, लेकिन तकनीकी समस्या के चलते प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। काफी देर तक शिक्षक एप पर लॉगइन कर हाजिरी लगाने की कोशिश करते रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके चलते शिक्षकों में परेशानी और असमंजस की स्थिति बनी रही।

शिक्षकों के मुताबिक डिजिटल उपस्थिति दर्ज करने के लिए वे निर्धारित समय पर एप खोलकर लॉगइन कर रहे थे, लेकिन सर्वर या एप में तकनीकी समस्या के कारण हाजिरी दर्ज नहीं हो पा रही थी। कई शिक्षकों ने बार-बार प्रयास किया, लेकिन समस्या बनी रही। शाम के समय लॉगआउट की प्रक्रिया पूरी नहीं होने से हजारों शिक्षकों की उपस्थिति प्रभावित होने की स्थिति बन गई।

शिक्षकों का कहना है कि डिजिटल अटेंडेंस व्यवस्था में तकनीकी समस्या आने पर विभाग को वैकल्पिक व्यवस्था भी सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि एप की खामी का असर शिक्षकों की उपस्थिति पर न पड़े। फिलहाल तकनीकी समस्या के कारण कितने शिक्षकों की डिजिटल उपस्थिति दर्ज नहीं हो सकी, इसकी आधिकारिक संख्या सामने नहीं आई है।
---------------------------------------------------------------------------------------------------------------------
नेटवर्क के लिए स्कूल की छत पर चढ़े शिक्षक, वहीं से लगाई डिजिटल अटेंडेंस

सतना। ऊँचेहरा के परसमनिया पहाड़ी अंचल में डिजिटल अटेंडेंस को लेकर शिक्षकों की परेशानी सामने आई है। नेटवर्क की समस्या के चलते शिक्षक स्कूल की छतों पर चढ़कर मोबाइल में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने का प्रयास करते नजर आए। शिक्षकों का कहना है कि स्कूल परिसर में नेटवर्क नहीं मिलने के कारण उन्हें अटेंडेंस लगाने के लिए ऊंची जगह तलाशनी पड़ रही है। इससे डिजिटल उपस्थिति व्यवस्था को लेकर जमीनी स्तर पर आ रही तकनीकी दिक्कतें सामने आई हैं।
Anubhav Dubey 
