रीवा में तीन महीने बाद हत्या का खुलासा, ससुराल में युवक की हत्या कर शव पहले कुएं में फेंका, फिर जमीन में दफनाया
रीवा जिले के टीकर गांव में तीन महीने से लापता युवक विपिन कुमार यादव की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर दफन शव बरामद किया। मामले में मृतक की पत्नी से भी पूछताछ जारी है।
रीवा: मध्यप्रदेश के रीवा जिले में तीन महीने से लापता युवक की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया कि सतना जिले के 20 वर्षीय विपिन कुमार यादव की हत्या 27 मार्च को उसकी ससुराल में कर दी गई थी। आरोपी ने पहले युवक का गला घोंटकर हत्या की, फिर शव को कुएं में फेंक दिया। बाद में पकड़े जाने के डर से शव निकालकर घर से करीब 300 मीटर दूर जमीन में दफना दिया।
आरोपी की निशानदेही पर बरामद हुआ शव
पुलिस ने आरोपी सुनील कुशवाहा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर गुरुवार शाम कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में टीकर गांव में खुदाई कराई गई। कुछ फीट नीचे दफन शव बरामद हुआ।करीब तीन महीने तक जमीन में दबे रहने के कारण शव पूरी तरह सड़-गल चुका था। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
26 मार्च को ससुराल गया था युवक
मृतक विपिन कुमार यादव सतना जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र के मोहार टोला (भगदेवरा) का रहने वाला था। उसकी शादी रीवा जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के टीकर गांव में हुई थी।परिजनों के अनुसार, विपिन 26 मार्च को अपनी ससुराल गया था। अगले दिन से उसका मोबाइल बंद हो गया और परिवार का उससे संपर्क टूट गया। इसके बाद परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल से खुला राज
जांच के दौरान पुलिस को युवक की आखिरी मोबाइल लोकेशन टीकर गांव में मिली। इसके बाद गांव के लोगों और रिश्तेदारों से पूछताछ शुरू की गई।पुलिस ने मृतक की पत्नी की कॉल डिटेल भी खंगाली, जिसमें आरोपी सुनील कुशवाहा से लगातार बातचीत होने के सबूत मिले। दोनों के बीच दिन में कई बार लंबी बातचीत होती थी। इसी आधार पर पुलिस ने सुनील को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसके बाद पूरा मामला सामने आ गया।
पहले कुएं में फेंका, फिर जमीन में दफनाया
आरोपी ने पुलिस को बताया कि हत्या के बाद उसने शव कुएं में फेंक दिया था। लेकिन कुछ समय बाद शव पानी में ऊपर आ गया। पकड़े जाने के डर से उसने शव को बाहर निकालकर अपने घर से करीब 300 मीटर दूर नाले के पास जमीन में दफना दिया, ताकि वह उस स्थान पर नजर भी रख सके।पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि जिस जमीन में शव दफनाया गया, उसका मालिक कौन है। इसके लिए राजस्व विभाग से रिकॉर्ड मंगाए गए हैं।
प्रेम-प्रसंग समेत सभी पहलुओं की जांच
पुलिस के मुताबिक आरोपी और मृतक की पत्नी दोनों पुलिस कस्टडी में हैं और उनसे पूछताछ जारी है। फिलहाल हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की धाराएं जोड़ी जाएंगी।पुलिस का कहना है कि मामले में प्रेम-प्रसंग सहित अन्य सभी संभावित कारणों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
Anubhav Dubey 
