चैत्र नवरात्रि से पहले मां बगलामुखी मंदिर में तैयारियां तेज, जुटेंगे लाखों श्रद्धालु
चैत्र नवरात्रि को लेकर मां बगलामुखी मंदिर में व्यापक तैयारियां की गई हैं। लाखों श्रद्धालुओं की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सजावट, सुरक्षा, बैरिकेडिंग और एलईडी स्क्रीन सहित विशेष इंतजाम किए
आगर मालवा: चैत्र नवरात्रि को लेकर आगर मालवा जिले के नलखेड़ा स्थित प्रसिद्ध माँ बगलामुखी मंदिर में तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। इस बार मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।

मंदिर परिसर में आकर्षक साज-सज्जा
मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी और भव्य सजावट से सजाया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष विद्युत व्यवस्था भी की गई है, ताकि दर्शन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

दर्शन व्यवस्था में बदलाव, गर्भगृह में प्रवेश प्रतिबंधित
दर्शन व्यवस्था को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए जगह-जगह बेरिकेटिंग की गई है। सुरक्षा कारणों से गर्भगृह में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और श्रद्धालु सभामंडप से ही माता के दर्शन कर सकेंगे।

सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम
भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सहज दर्शन कराने के लिए बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं, जिससे दूर से ही दर्शन संभव हो सकेगा। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस का अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं, ताकि नवरात्रि के दौरान दर्शन व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
sanjay patidar 
