शादी हॉल मालिक के घर पुलिस का छापा रायफल और जिंदा कारतूस बरामद, आरोपी गिरफ्तार
भोपाल में क्राइम ब्रांच ने ऐशबाग क्षेत्र में कार्रवाई कर शादी हॉल संचालक आलम अली के घर से दो रायफल और 99 जिंदा कारतूस बरामद किए, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।
भोपाल: राजधानी में क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए शादी हॉल संचालक के घर से अवैध हथियार और बड़ी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
सर्च वारंट लेकर पुलिस ने दी दबिश
पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिलने के बाद क्राइम ब्रांच ने सर्च वारंट जारी करवाकर ऐशबाग क्षेत्र के अहाता मनकशा इलाके में दबिश दी। यहां आलम अली आलम शादी हॉल का संचालन करता है।
तलाशी में मिले दो रायफल और 99 जिंदा कारतूस
घर की तलाशी के दौरान पुलिस को एक 22 बोर की हाई पावर रायफल के साथ दो जिंदा कारतूस और एक अन्य 22 बोर की रायफल के साथ 97 जिंदा कारतूस मिले। पुलिस ने दोनों रायफल और कुल 99 जिंदा कारतूस जब्त कर लिए।
आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ
पुलिस ने आरोपी आलम अली को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ में उसने बताया कि उसने हथियार अपने एक परिचित व्यक्ति से खरीदे थे।
हथियार सप्लायर की तलाश जारी
पुलिस अब अवैध हथियार बेचने वाले आरोपी की तलाश कर रही है। बताया जा रहा है कि हथियार उपलब्ध कराने वाला व्यक्ति वन्य प्राणियों का शिकारी है और उसकी तलाश इंदौर वन विभाग की टीम भी लंबे समय से कर रही है।
sanjay patidar 
