14 अप्रैल को CM पद से इस्तीफा देंगे नीतीश कुमार

14 अप्रैल को CM पद से इस्तीफा देंगे नीतीश कुमार इस्तीफे से पहले आखिरी कैबिनेट की बैठक बुलाई 4 बजे बिहार के नए CM का ऐलान

14 अप्रैल को CM पद से इस्तीफा देंगे नीतीश कुमार

बिहार में 14 अप्रैल को नए CM फेस का ऐलान होगा। बीते 20 साल से बिहार के मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार इस्तीफा देंगे। अब वे राज्यसभा सांसद बन चुके हैं। नीतीश के नेतृत्व में कैबिनेट की अंतिम बैठक होगी। इसके बाद JDU विधायक दल और BJP विधायक दल की बैठक होगी।

नीतीश राजभवन जाएंगे, राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेगे। फिर NDA विधायक दल की बैठक में नए मुख्यमंत्री के चेहरे पर मुहर लगेगी। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान नए CM के नाम की घोषणा करेंगे। बीजेपी ने उनको अपना पर्यवेक्षक बनाया है। वहीं, कल 15 अप्रैल को राजभवन में नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण होगा। NDA के सभी घटक दल JDU, भाजपा, HAM, RLJP, RLM अपने-अपने विधायकों के साथ अलग-अलग बैठक करेंगे। इन बैठकों में विधायक दल का नेता चुना जाएगा, जो आगे की रणनीति तय करेगा। अणे मार्ग स्थित आवास पर JDU की बैठक में सभी विधायक मौजूद रहेंगे। सभी विधायक दल का नेता चुनेंगे देखना होगा कि JDU अपने विधायक दल का नेता किसे चुनती है।

नीतीश कुमार सौंपेंगे इस्तीफा

नीतीश कुमार राजभवन पहुंचकर राज्यपाल सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। इसी के साथ मौजूदा सरकार औपचारिक रूप से समाप्त हो जाएगी। इसके बाद NDA विधायक दल की संयुक्त बैठक होगी, जिसमें नए नेता को चुना जाएगा। इसकी निगरानी के लिए BJP की ओर से केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पर्यवेक्षक बनाया गया है। उनकी उपस्थिति में ही मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगेगी।

शपथ समारोह में शामिल होंगे PM मोदी

संजय झा, ललन सिंह, मंत्री जमा खान, बिजेंद्र यादव नीतीश कुमार से मिले थे। करीब एक घंटे CM हाउस में मीटिंग चली। CM हाउस से बाहर आकर जमा खान ने कहा, ‘बिहार में नई सरकार बनने जा रही है। 15 अप्रैल को शपथ ग्रहण होगा। PM मोदी भी आ सकते हैं।’

तेजस्वी ने कहा था- ‘JDU अब JDU नहीं रही'

नेता प्रतिपक्ष और RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा था, ‘JDU अब JDU नहीं रह गई है, बल्कि BJP का प्रकोष्ठ बन गई है। BJP के एजेंट JDU में हैं और वही लोग पार्टी को खत्म कर चुके हैं। नीतीश कुमार की जिस तरह से विदाई की गई है, वह बेहद दुखद है। जो व्यक्ति 20 साल तक मुख्यमंत्री रहा, उसे राज्यसभा भेजने का निर्णय लिया जा रहा है, यह फैसला थोपा गया है।’

इस्तीफे से पहले नीतीश ने अंबेडकर को नमन किया

नीतीश कुमार ने X पर लिखा- भारत के संविधान निर्माता, महान समाज सुधारक, विचारक, सामाजिक न्याय के पुरोधा, भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती के अवसर पर उन्हें सादर नमन। डॉ अंबेडकर ने भारतीय संविधान के माध्यम से सामाजिक न्याय, समानता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त आधार प्रदान किया। उनके आदर्श एवं विचार हमें एक समावेशी और सशक्त राष्ट्र के निर्माण हेतु निरंतर प्रेरित करते रहेंगे। उनका संपूर्ण जीवन समस्त भारतवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है।