मऊगंज किराना दुकान में लगी आग, लाखों का सामान जलकर खाक

मऊगंज जिले के नईगढ़ी कस्बे में सोमवार तड़के एक किराना दुकान में आग लग गई। आग से करीब 4–5 लाख रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।

मऊगंज किराना दुकान में लगी आग, लाखों का सामान जलकर खाक

मऊगंज: मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के नईगढ़ी कस्बे में सोमवार तड़के एक किराना दुकान में भीषण आग लगने से लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात बताया जा रहा है।

घटना नईगढ़ी नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 10 की है, जहां स्थित एक विविध किराना स्टोर में देर रात अचानक आग लग गई। आग की जानकारी तब हुई जब सोमवार सुबह करीब 4 बजे टहलने निकले लोगों ने दुकान की खिड़कियों से आग की लपटें निकलती देखीं। इसके बाद उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचना दी।

स्थानीय लोगों ने पाया आग पर काबू:
मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया और आसपास के घरों को सुरक्षित बचा लिया गया। हालांकि तब तक दुकान में रखा करीब 4 से 5 लाख रुपए का सामान और काउंटर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।

दुकानदार को हुआ भारी नुकसान:
वार्ड क्रमांक 9 निवासी ओंकार प्रसाद गुप्ता (पिता रामस्वरूप गुप्ता) वार्ड क्रमांक 10 में किराना एवं विविध सामग्री की दुकान संचालित करते हैं। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात दुकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई, जिससे पूरी दुकान की सामग्री जल गई।

पुलिस जांच में जुटी:
पीड़ित दुकानदार ने घटना की सूचना मध्य प्रदेश पुलिस के नईगढ़ी थाना में दर्ज कराई है और शासन-प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आखिर दुकान में आग किन कारणों से लगी।