कनाडा में पढ़ाई कर रहे MP के युवक की मौत,कुछ आरोपी गिरफ्तार
कनाडा में पढ़ाई कर रहे उज्जैन निवासी गुरकीरत सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कनाडा पुलिस मामले की जांच कर रही है और कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
उज्जैन: कनाडा में उज्जैन के पार्श्वनाथ कालोनी में रहने वाले गुरकीरत सिंह की मौत के मामले में जांच जारी है। परिजनों के अनुसार, स्थानीय पुलिस द्वारा मामले में कार्रवाई की जा रही है और फिलहाल जांच की प्रक्रिया चल रही है। जानकारी के मुताबिक घटना के बाद पुलिस ने कुछ आरोपियों को पकड़ लिया है, जबकि दो-तीन अन्य संदिग्धों की तलाश अभी जारी है।
कनाडा पुलिस कर रही मामले की जांच
गुरकीरत सिंह पर कनाडा में कार चढ़ा दी गई थी, जिसमें उनकी मौत हो गई। उनका परिवार पार्श्वनाथ कॉलोनी उज्जैन में रहता है। परिवार के लोगों ने बताया कि वहां की पुलिस द्वारा जांच प्रक्रिया चल रही है। जब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक आगे की कानूनी कार्रवाई नहीं हो पाएगी और युवक का पार्थिव शरीर फिलहाल वहीं सुरक्षित रखा गया है।
पिता ने सरकार से लगाई मदद की गुहार
मृतक युवक के पिता गुरजीत सिंह ने बताया कि उनका बेटा बेहद शांत और नेक स्वभाव का था तथा किसी भी विवाद में नहीं रहता था। उन्होंने कहा कि यह घटना परिवार के लिए बेहद दुखद है। पिता ने सरकार और प्रशासन से निवेदन किया है कि उनके बेटे का पार्थिव शरीर कनाडा से उज्जैन लाने में हर संभव मदद की जाए।
परिवार के अनुसार, युवक करीब सवा साल पहले पढ़ाई के लिए कनाडा गया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद उज्जैन में परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।
परिवार में पसरा मातम
पार्श्वनाथ कालोनी में रहने वाले उनके पारिवारिक मित्र अभिलाष जैन ने बताया कि परिवार के सदस्य कनाडा जाने के लिए वीजा प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में जुटे हैं, ताकि वे वहां पहुंचकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर सकें। स्थानीय स्तर पर भी परिचित और समाजजन परिवार के संपर्क में हैं और उन्हें हर संभव सहयोग देने की बात कह रहे हैं।परिवार के घर पर लोग मिलने आ रहे है माँ पिता परिवार पुत्र को याद कर रो रहे है वे अभी भी सदमे में है।
sanjay patidar 
