मऊगंज: देवतालाब शिव मंदिर के पास मिले संदिग्ध विस्फोटक के बाद हाई अलर्ट, QRF ने संभाला मोर्चा, पुलिस ने किया फ्लैग मार्च

मऊगंज के प्रसिद्ध देवतालाब शिव मंदिर के पास संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मिलने के बाद पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है. QRF, बम स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने सघन तलाशी अभियान चलाया, फ्लैग मार्च निकाला और मामले की जांच तेज कर दी है.

मऊगंज: देवतालाब शिव मंदिर के पास मिले संदिग्ध विस्फोटक के बाद हाई अलर्ट, QRF ने संभाला मोर्चा, पुलिस ने किया फ्लैग मार्च

राजेंद्र पयासी मऊगंज: जिले के प्रसिद्ध शिवधाम देवतालाब मंदिर के पास संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मिलने के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए मंदिर परिसर और आसपास के रिहायशी इलाकों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया. QRF (त्वरित प्रतिक्रिया बल), विशेष सशस्त्र पुलिस, बम स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.

मंदिर से 50 कदम दूर मिली संदिग्ध सामग्री

जानकारी के मुताबिक, देवतालाब स्थित प्राचीन शिव मंदिर से करीब 50 कदम की दूरी पर शिवकुंड के पास एक मकान की पिछली दीवार के समीप कुछ संदिग्ध वस्तुएं दिखाई दीं. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तुरंत लौर थाना पुलिस को दी. पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर संदिग्ध सामग्री को अपने कब्जे में लिया. प्रारंभिक जांच में सामग्री के विस्फोटक होने की आशंका जताई गई है. हालांकि इसकी पुष्टि फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी.

QRF ने चलाया सर्च ऑपरेशन

रीवा जोन के आईजी गौरव राजपूत के निर्देशन और मऊगंज पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन के मार्गदर्शन में जांच अभियान चलाया गया. लौर थाना प्रभारी राजेश कुमार पटेल के नेतृत्व में दो दर्जन से अधिक QRF जवानों ने मंदिर परिसर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में चप्पे-चप्पे की तलाशी ली. पुलिस ने घटनास्थल के साथ-साथ आसपास के रिहायशी क्षेत्रों में भी सघन जांच की, संभावित साक्ष्य जुटाए और कई लोगों से पूछताछ की.

फ्लैग मार्च निकालकर लोगों से की शांति बनाए रखने की अपील

सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस ने लौर थाना से देवतालाब शिव मंदिर तक फ्लैग मार्च निकाला. इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई.

पुलिस की निगरानी बढ़ी, जांच जारी

घटना के बाद देवतालाब मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है.

थाना प्रभारी ने क्या कहा?

लौर थाना प्रभारी राजेश कुमार पटेल ने बताया कि धार्मिक स्थल के पास संदिग्ध सामग्री मिलना गंभीर मामला है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम की रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा न करें और कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।