मैहर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कुख्यात शराब तस्कर की पत्नी समेत तीन गिरफ्तार
शराब तस्करी में तस्कर की पत्नी सहित तीन आरोपी दबोचे, लग्जरी जीप से 90 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त
सतना। मैहर जिले में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात शराब तस्कर की पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 90 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब और तस्करी में प्रयुक्त एक लग्जरी एसयूवी जब्त की है।
मैहर कोतवाली थाना प्रभारी अनिमेष द्विवेदी ने बताया कि शुक्रवार देर शाम सूचना मिली थी कि कटनी की ओर से काले रंग की एक लग्जरी एसयूवी में अवैध अंग्रेजी शराब लोड कर बिक्री के लिए प्रतिबंधित मैहर कस्बे में लाई जा रही है। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे-30 स्थित मैहर-कटनी मार्ग पर बेरमा टमाटर मंडी के पास घेराबंदी की।

घेराबंदी के दौरान पुलिस ने वाहन क्रमांक एमपी-19-ज़ेडटी-4630 को रोककर तलाशी ली। वाहन में एक महिला और दो युवक सवार मिले। तलाशी के दौरान एसयूवी की डिग्गी और बीच की सीट के पीछे रखे 10 कार्टन बरामद हुए, जिनमें कुल 90 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब रखी थी।
पुलिस ने शराब और वाहन जब्त करते हुए कुख्यात शराब तस्कर आशीष चौरसिया की पत्नी कंचन उर्फ कल्पना चौरसिया, निवासी वृंदावन कॉलोनी, गोलू उर्फ वीर सिंह सेंगर, पिता गजेंद्र सिंह, निवासी वृंदावन कॉलोनी और सचिन पटेल, पिता गणेश पटेल, निवासी उमरी पैला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई में एसआई संतोष उलाड़ी, प्रधान आरक्षक जय बागरी, विपिन सोधिया, आरक्षक राजेंद्र सिंह, संजय यादव, सोमेश परिहार, अनूप तिवारी और महिला आरक्षक रानू त्रिपाठी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Varsha Shrivastava 
