लिफ्ट मांगने के बहाने बाइक सवार पर चाकू से हमला, गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचा युवक

सतना बाईपास पर लिफ्ट के बहाने वारदात, युवक को चाकू मारकर लूट की कोशिश, पुलिस जांच में जुटी

लिफ्ट मांगने के बहाने बाइक सवार पर चाकू से हमला, गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचा युवक

सतना। लिफ्ट लेने के बहाने बाइक सवार को रुकवा कर युवकों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में बाइक सवार को गंभीर चोट आई। लिफ्ट लेने के बाहर बाइक रुकवा कर चाकू से हमला करने वाले आरोपियों और घायलो के बीच क्या रिश्ता है? और इनके बीच क्या दुश्मनी हैं इसकी जांच पुलिस के द्वारा की जा रही है।

इस संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रजनीश केवट पिता महेश केवट 28 वर्ष निवासी गोरइया घुंधचिहाई थाना कोटर शनिवार को सतना शहर के प्रेमनगर में मजदूरी करने आया हुआ था। रात 8.30 बजे के करीब मजदूरी कर वह बाइक लेकर गांव के लिए रवाना हुआ। रजनीश के आगे उसका साथी मजदूर अरुण केवट भी बाइक से जा रहा था।

बताया गया कि रजनीश जैसे ही सतना-मैहर बाईपास में पीएम आवास मोड़ के पास पहुंचा तभी तीन युवकों ने लिफ्ट मांगने के बहाने उसे रोका। रजनीश ने बाइक रोक दी। लिफ्ट देने के लिए बाइक रुकते ही तीन आरोपियों ने रजनीश के ऊपर चाकू से हमला कर दिया।

एक चाकू बाई पसली में लगा, चाकू मारकर आरोपी बाइक सवार रजनीश को घसीटते हुए नजदीक स्थित खाली बाउंड्री के अंदर ले गए और उसके  कपडों की तलाशी ली। कीमती सामान न मिलने पर पुन: चाकू से हमला किया।

बाइक सवार रजनीश को मरणासन्न हालत में छोड़कर आरोपी भाग गए। घटना के कुछ देर बार बस से एक युवक घटना स्थल पर उतरा और वह पैदल घर जाने लगा तब उसने घायल रजनीश की आवाज सुनी। युवक सड़क से दूर घटना स्थल तक गया। इसके बाद उसने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया।