कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की प्रेस वार्ता: सरकार पर तीखा हमला
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रेस वार्ता कर प्रयागराज में शंकराचार्य को स्नान से रोके जाने की घटना की कड़ी निंदा की.
भोपाल। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रेस वार्ता में केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने प्रयागराज में शंकराचार्य को स्नान से रोके जाने की घटना की कड़ी निंदा की। पटवारी ने कहा कि सनातन परंपरा में शंकराचार्य का स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण है और इस तरह की घटनाएं अस्वीकार्य हैं। कांग्रेस पार्टी इसकी निंदा करती है।
पटवारी ने पर्यावरण और जल संकट का मुद्दा उठाते हुए कहा कि राहुल गांधी के ट्वीट के अनुसार राजस्थान और मध्य प्रदेश देश के सबसे अधिक प्रदूषित राज्यों में शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में 70 प्रतिशत पानी अब पीने योग्य नहीं बचा है। पूर्ववर्ती शिवराज सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के लिए पेड़ लगाने तक में घोटाले हुए।
उन्होंने छिंदवाड़ा कांड का जिक्र करते हुए कहा कि अधिकारी दिनेश कुमार मौर्य पर कार्रवाई के बजाय उन्हें पारितोषिक दे दिया गया। इसी तरह इंदौर में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई के बाद पारितोषिक देने का आरोप लगाया। पटवारी ने कहा कि जिन मंत्रियों ने पत्रकारों से अभद्रता की और जनता के साथ छल किया, उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
मुख्यमंत्री मोहन यादव पर हमला बोलते हुए पटवारी ने कहा कि वे केवल विज्ञापन के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इंदौर के लापरवाह अधिकारी को मात्र 15 दिन में पारितोषिक दे दिया गया, जिससे सरकार की मंशा साफ होती है।
मुख्यमंत्री की दाबोश यात्रा पर सवाल उठाते हुए पटवारी ने कहा कि इस यात्रा पर 3 करोड़ रुपये प्रतिदिन खर्च हो रहे हैं, जबकि सरकार रोजाना 250 करोड़ रुपये का कर्ज ले रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपनी जेब से नहीं, बल्कि जनता के टैक्स के पैसे से यात्रा कर रहे हैं। केवल विज्ञापनों से छवि नहीं निखरेगी, खासकर तब जब प्रदेश में रोजगार की स्थिति बदतर है।
पटवारी ने MPPSC छात्रों पर लाठीचार्ज का मुद्दा भी उठाया और कहा कि युवाओं की मांगों को सुनने के बजाय उन पर लाठी-डंडे चलाए गए, जो पूरी तरह निंदनीय है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की जनता सब देख रही है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।
shivendra 
