BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव : MP के 20 नेता प्रस्तावक बने, नितिन नबीन का नाम का औपचारिक ऐलान कल
मध्यप्रदेश के 20 नेताओं ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव में प्रस्तावक के रूप में भाग लिया, जिसमें 20 जनवरी को नितिन नबीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाएगा।
भोपाल: भारतीय जनता पार्टी को 20 जनवरी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल जाएगा। नितिन नबीन की राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए ताजपोशी तय हो गई है। 20 जनवरी को कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष की चुनाव प्रक्रिया शुरु हो गई है। कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को निर्विरोध नामांकन दाखिल किया। अब मंगलवार को औपचारिक घोषणा होना बाकि है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन मोहन, जयभान सिंह पवैया, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित मध्य प्रदेश भाजपा के 20 नेता प्रस्तावक बनें। ये सभी नेता मध्य प्रदेश की ओर से भाजपा के संगठन चुनाव में राष्ट्रीय परिषद के सदस्य निर्वाचित हुए हैं। बता दें कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्वाचन में राष्ट्रीय परिषद का सदस्य ही मतदान करता है और प्रस्तावक भी होता है।

मालवांचल और ग्वालियर-चंबल से पांच-पांच नेता प्रस्तावक बनें
दिल्ली भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव के लिए मालवांचल और ग्वालियर-चंबल से सर्वाधिक पांच-पांच नेता प्रस्तावक बनें.ग्वालियर-चंबल से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विष्णुदत्त शर्मा, महाराष्ट्र के सह प्रभारी पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य और पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा इसके लिए दिल्ली पहुंच चुके हैं।वहीं महाकोशल से मंत्री राकेश सिंह, प्रहलाद पटेल, फग्गन सिंह कुलस्ते, ओमप्रकाश धुर्वे और राज्यसभा सदस्य सुमित्रा वाल्मीकि प्रस्तावकों में शामिल हैं।
MP के यह दिग्गज नेता भी राष्ट्रीय परिषद के सदस्य बनें
मालवा-निमाड़ से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, राज्यसभा सदस्य कविता पाटीदार शामिल हैं। वहीं मध्य क्षेत्र से केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उइके, बुंदेलखंड से केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक व पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव और विंध्य से उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल अकेले राष्ट्रीय परिषद के सदस्य हैं।

नितिन नबीन निर्विरोध भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन अब पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष होगें। सोमवार को दिल्ली में पार्टी हेडक्वार्टर में नॉमिनेशन प्रक्रिया के दौरान उन्होंने अकेले नामांकन दाखिल किया। राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष के लिए केवल नितिन नबीन का ही नाम प्रस्तावित हुआ है। अब नितिन के नाम का औपचारिक ऐलान 20 जनवरी को किया जाएगा। नॉमिनेशन प्रक्रिया के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, नितिन गडकरी समेत सभी राज्यों के सीएम और सीनियर नेताओं ने नितिन के समर्थन में नामांकन पत्र जमा किया था। बता दें, भाजपा ने 16 जनवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नोटिफिकेशन जारी किया था। वहीं, 14 दिसंबर 2025 को नितिन को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था।
sanjay patidar 
