वंदे मातरम विवाद: कांग्रेस पार्षद रुबीना का यू-टर्न, परिषद में दिए अपने बयान पर मांगी माफी
वंदे मातरम विवाद के बाद बयान दर्ज कराने पहुंची कांग्रेस पार्षद। एमजी रोड थाने में रुबीना इकबाल खान से पुलिस ने की पूछताछ। कल फौजिया शेख अलीम से भी 4 घंटे हुई थी पूछताछ।
इंदौर में वंदे मातरम विवाद के बीच कांग्रेस पार्षद रुबीना इकबाल खान ने अपने बयान से यू-टर्न लेते हुए माफी मांग ली है। उन्होंने अपने कथित अपशब्दों को लेकर खेद जताया है। दरअसल, इंदौर के वार्ड 39 से कांग्रेस पार्षद रुबीना इकबाल खान ने वंदे मातरम विवाद के दौरान दिए गए अपने बयान पर अब सफाई दी है।
रुबीना इकबाल खान ने भाजपा पार्षदों और अपनी ही पार्टी को लेकर दिए गए बयान पर खेद व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उनके बयान से यदि किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो वह इसके लिए खेद प्रकट करती हैं। बता दें कि वंदे मातरम को लेकर शहर में पहले से ही सियासी माहौल गरमाया हुआ है, ऐसे में कांग्रेस पार्षद के इस यू-टर्न को राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है।
इंदौर में वंदे मातरम विवाद को लेकर सियासत तेज है। मामले में कांग्रेस की महिला पार्षद रुबीना इकबाल खान एमजी रोड थाने पहुंचीं, जहां पुलिस के द्वारा उनके बयान दर्ज करवाए। इससे पहले कांग्रेस की ही एक अन्य पार्षद फौजिया शेख अलीम से पुलिस करीब चार घंटे तक पूछताछ कर चुकी है। अब इसी कड़ी में रुबीना इकबाल खान से भी मामले को लेकर विस्तृत जानकारी ली जा रही है।
गौरतलब है कि भाजपा पार्षद दल ने दोनों महिला पार्षदों पर वंदे मातरम का अपमान करने का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की थी। इसके लिए संभागायुक्त कार्यालय और एमजी रोड थाने में आवेदन भी दिया गया था। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पार्षदों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Varsha Shrivastava 
