Congress March : राहुल-प्रियंका समेत विपक्षी सांसद सुप्रीम कोर्ट पहुंचे, SIR गड़बड़ी के खिलाफ याचिका दाखिल

Rahul Gandhi Press Conference : विपक्ष ने SIR में गड़बड़ी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की है। इसमें राहुल गांधी, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव समेत 11 विपक्षी नेता याचिकाकर्ता हैं।

Congress March : राहुल-प्रियंका समेत विपक्षी सांसद सुप्रीम कोर्ट पहुंचे, SIR गड़बड़ी के खिलाफ याचिका दाखिल

Congress Supreme Court March : नई दिल्ली। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे समेत अन्य विपक्षी सांसद सोमवार शाम अचानक सुप्रीम कोर्ट के अंदर पहुंचे। इससे पहले विपक्षी सांसदों ने दिल्ली के बाराखंभा रोड से सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च निकाला था। उन्हें 500 मीटर पहले रोक दिया गया। यह पहली बार है जब विपक्षी नेताओं ने किसी मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकाला।

SIR गड़बड़ी के खिलाफ याचिका दाखिल

विपक्ष ने SIR में गड़बड़ी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की है। इसमें राहुल गांधी, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव समेत 11 विपक्षी नेता याचिकाकर्ता हैं। ये नेता 10 अलग-अलग पार्टियों से हैं। इनमें कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, राजद, शिवसेना यूबीटी, सीपीआई-एम, सीपीआई, जेएमएम, एनसीपी-एसपी और आईयूएमएल शामिल हैं।

सीजेआई से मिलने का समय नहीं मिला

रविवार को विपक्षी सांसदों ने चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत को पत्र लिखा था। उन्होंने ज्ञापन सौंपने के लिए समय मांगा था। लेकिन सीजेआई ने मिलने से इनकार कर दिया और याचिका दाखिल करने के लिए कहा। मार्च से पहले राहुल गांधी ने 40 मिनट की प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि विपक्ष का मार्च शिवजी की बारात की तरह है, जिसमें कोई भी शामिल हो सकता है।

राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस की मुख्य बातें

राहुल ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ज्ञानेश कुमार को बचा रही है। सरकार जितना बचाएगी, विपक्ष उतना ही सवाल उठाएगा। उन्होंने कहा कि एक महीने, दो महीने या एक साल लग जाए, जब तक न्याय नहीं मिलेगा संघर्ष जारी रहेगा। 

यह लड़ाई युवाओं के भविष्य, सम्मान और संविधान को बचाने की है। राहुल ने दावा किया कि 200 अफसर उनके टच में हैं और जानकारी दे रहे हैं। प्रदर्शन की रणनीति पर उन्होंने कहा कि यह शिव का तांडव है, इसमें प्लानिंग नहीं होती।

अब विस्तार से पढ़िए प्रेसवार्ता में क्या बोले राहुल  

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने दावा किया कि सरकार के 200 अफसर विपक्ष के संपर्क में हैं और उन्हें जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने कहा, 'आपकी सरकार के 200 अफसर हमारे संपर्क में हैं और हमें जानकारी दे रहे हैं।' उन्होंने आगे कहा कि, दिल्ली में वोटों की चोरी के ख़िलाफ़ कई दिनों से विरोध प्रदर्शन चल रहा है; सवाल यह है कि दिल्ली को जेल में क्यों बदल दिया गया है? लोगों को शहर में घुसने से रोका जा रहा है, उन्हें ट्रेनों और बसों में रोका जा रहा है और दिल्ली को एक किले में बदल दिया गया है।

पत्रकार वार्ता में क्या बोले राहुल 

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि, लोगों को दिल्ली जाने से रोका जा रहा है। बसों, ट्रेनों को रोका जा रहा है, उतारा जा रहा है। दिल्ली को किला बना दिया है। आप सोचोगे कि कितनी पावरफुल चीज है। हम चाहते हैं कि 20-30 हजार पुलिसवाले सड़क पर हों। हम देश को दिखाना चाहते हैं कि सरकार, ज्ञानेश कुमार को प्रोटेक्ट कर रहे हैं। जितना वो प्रोटेक्ट करेंगे, अंत में हम उनके कंट्रोलर के पास जाएंगे। हमें ऐसी खबरें मिल रही हैं कि पुलिसकर्मी परेशान हैं क्योंकि उन्हें युवाओं को पीटने का आदेश दिया जा रहा है, जबकि RSS सदस्यों को खुली छूट देने के निर्देश जारी किए जा रहे हैं।

 

हिन्दुस्तान की आत्मा पर किया हमला 

राहुल गांधी ने कहा कि, देश दो दिन में प्रोटेक्ट नहीं होता है। एक महीने लगे दो महीने लगे लेकिन हम डरेंगे नहीं। क्योंकि सच्चाई हमारे साथ है। ED सीबीआई और जांच एजेंसियों के अधिकारी हमारे साथ है वो हमें इन्फॉर्मेशन देते हैं। हिन्दुस्तान की आत्मा पर इन्होंने अटैक किया है कितना भी टाइम लगे हम नहीं रुकेंगे। 

ये संविधान की लड़ाई है 

पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि, दिल्ली चलो मार्च में जिसको भी आना है जिस भी पार्टी से है हमें कोई फर्क नहीं पड़ता। संविधान की रक्षा करने के लिए आप इस मार्च में शामिल हो सकते हैं। यह राहुल गांधी या नरेंद्र मोदी की बात नहीं है ये संविधान को बचाने की लड़ाई है। ये हिन्दुस्तान के भविष्य की लड़ाई है। ये देश के हर युवा की लड़ाई है। 

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि, संविधान पर हमला हो रहा है। यह विरोध एक दिन की बात नहीं है; यह जारी रहेगा। यहां तक ​​कि पुलिस भी सवाल उठा रही है कि वे ज्ञानेश कुमार जैसे चोर की सुरक्षा क्यों कर रहे हैं और पुलिस पर ही हमला क्यों कर रहे हैं। 

ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि हम वही सवाल उठा रहे हैं जो दो चुनाव आयुक्तों ने पूछा था: ज्ञानेश कुमार इस्तीफा क्यों नहीं दे रहे हैं? ज्ञानेश कुमार, आपकी नींद उड़ गई है; हम आपको बख्शेंगे नहीं।  हमें आपके अतीत और आपके भ्रष्टाचार के बारे में पता है, और हम इंतजार कर रहे हैं। 

आज सुप्रीम कोर्ट में दायर करेंगे याचिका 

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बताया कि, कांग्रेस अध्यक्ष और मैंने CJI को पत्र लिखकर भारतीय लोकतंत्र की हत्या और चुनाव की निष्पक्षता को लेकर अपनी गहरी चिंता व्यक्त की। CJI ने हमें जवाब दिया और याचिका दायर करने का निर्देश दिया... आज, INDIA गठबंधन के नेता और मैं एक साथ सुप्रीम कोर्ट जाएंगे और यह याचिका दायर करेंगे।

राहुल गांधी ने आगे कहा कि, ठीक 50% पुलिसकर्मी हमें बता रहे हैं कि हम जो कर रहे हैं वह सही है और हमें इसे जारी रखना चाहिए। पुलिस, ITBP, CRPF, भारत के लोग एक तरफ हैं और नरेंद्र मोदी, अमित शाह, अजीत डोभाल, ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग के 4-5 सदस्य जो 'वोट चोरी' और देश को हाईजैक करने में मदद कर रहे हैं, वे दूसरी तरफ हैं। हम इस अंतर को बढ़ा रहे हैं।