मैहर नवरात्र मेला: सुरक्षा व्यवस्था देखने पहुंचे रीवा जोन IG, बोले- पिछले साल से बेहतर हैं इंतजाम

मैहर के मां शारदा धाम में IG गौरव राजपूत ने टेका माथा, नवरात्र मेले की सुरक्षा इंतजामों का लिया जायजा, धीरेंद्र शास्त्री की कथा के लिए भी बनेगा सुरक्षा प्लान

मैहर नवरात्र मेला: सुरक्षा व्यवस्था देखने पहुंचे रीवा जोन IG, बोले- पिछले साल से बेहतर हैं इंतजाम

मैहर। विश्व प्रसिद्ध मां शारदा देवी धाम में शारदीय नवरात्र मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं का जायजा लेने सोमवार शाम रीवा जोन के आईजी गौरव राजपूत और डीआईजी हेमंत सिंह चौहान मैहर पहुंचे।

अधिकारियों ने त्रिकूट पर्वत पर विराजमान मां शारदा के दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद लिया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद आईजी ने मेला परिसर में पुलिस व्यवस्था का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।

इस दौरान मैहर पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह, एडिशनल एसपी डॉ. चंचल नागर, सीएसपी महेंद्र सिंह चौहान सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। आईजी ने मेला क्षेत्र में तैनात पुलिस बल, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने एसपी के साथ चर्चा कर मौजूदा इंतजामों की समीक्षा की और आवश्यक बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया।

पिछले साल से बेहतर दिखीं व्यवस्थाएं

निरीक्षण के बाद आईजी गौरव राजपूत ने मीडिया से बातचीत में कहा कि नवरात्र मेले में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के साथ विस्तार से चर्चा की गई है। इसमें मौजूदा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने और श्रद्धालुओं की सुविधा सहित सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

आईजी ने कहा कि पिछले साल की तुलना में इस बार व्यवस्थाएं बेहतर नजर आ रही हैं। उन्होंने इसके लिए मैहर एसपी अवधेश प्रताप सिंह की सराहना भी की। उन्होंने बताया कि मेले के दौरान प्रशासन भी पुलिस के साथ समन्वय बनाकर काम कर रहा है, जिससे व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में मदद मिल रही है।

सतर्कता और समन्वय पर जोर

आईजी गौरव राजपूत ने कहा कि नवरात्र मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां शारदा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में पुलिस को पूरी सजगता और सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने भरोसा जताया कि पुलिस और प्रशासन के बेहतर समन्वय से मेले की व्यवस्थाएं सुचारु रहेंगी और श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में मां के दर्शन कर सकेंगे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेला क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की। पब्लिक बाणी से चर्चा करते हुए आईजी रीवा जोन गौरव राजपूत ने बताया कि कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री की तीन दिवसीय कथा का आयोजन केजेएस सीमेंट फैक्ट्री परिसर में 23 अक्टूबर से आयोजित है। कथा में काफी लोगो के आने के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था बनाने स्थल निरीक्षण किया है। कार्यक्रम में पुलिस के द्वारा पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे।