24 February 2026: बच्चा चोर समझकर महिला से मारपीट, चार आरोपी हिरासत में, पढ़ें इंदौर की खबरें
चंदन नगर क्षेत्र में पहली मंजिल से गिरी महिला मामले में पीड़िता ने की पति के खिलाफ प्रताड़ित और मारपीट की शिकायत
अफवाह ने लिया हिंसक रूप, बच्चा चोर समझकर महिला से मारपीट
इंदौर के हीरा नगर थाना क्षेत्र में देर रात पति से विवाद के बाद घर से निकली एक महिला को कुछ लोगों ने बच्चा चोर समझ लिया और उसके साथ जमकर मारपीट कर दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने साफ किया है कि शहर में बच्चा चोरी की कोई घटना नहीं हुई है और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, हीरा नगर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला का देर रात अपने पति से विवाद हो गया था।
विवाद के बाद महिला घर से बाहर निकल गई और नाले के पास टहलती हुई नजर आई। इसी दौरान आसपास के कुछ लोगों ने उसे बच्चा चोर होने की आशंका में घेर लिया। जिसमें बिना किसी पुष्टि के लोगों ने महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। बाद में जब मामला स्पष्ट हुआ तो पीड़िता ने हीरा नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इंदौर शहर में बच्चा चोरी की कोई भी घटना सामने नहीं आई है। आम जनता से अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और कानून को अपने हाथ में न लें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चंदन नगर थाना क्षेत्र के राज नगर में पिछले कुछ दिनों से बदमाशों ने आतंक मचाया
इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र के राज नगर में पिछले कुछ दिनों से बदमाशों ने आतंक मचाया हुआ है, और देर रात गाड़ियों के कांच फोड़े जा रहे हैं, इस मामले में चंदन नगर पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र के राज नगर में पिछले कुछ दिनों से बदमाशों ने ऐसा आतंक मचा रखा है कि स्थानीय लोग भय के साये में जीने को मजबूर हो गए हैं। इलाके में देर रात अज्ञात बदमाश लगातार गाड़ियों के कांच तोड़ रहे हैं। आधी रात को होने वाली इन वारदातों से मोहल्ले के लोग दहशत में हैं और किसी बड़ी घटना की आशंका जता रहे हैं।
बीते तीन–चार दिनों में बदमाशों द्वारा कई फॉर व्हीलर और टू व्हीलर वाहनों को निशाना बनाया गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि रात के अंधेरे में अचानक तेज धमाके की आवाज आती है, और बाहर निकलने पर गाड़ियों के चकनाचूर कांच मिलते हैं। इससे लोगों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए चंदन नगर पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और रात में पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों को जल्द ही चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
शराब के लिए पैसों की मांग को लेकर हुए हंगामे-तोड़फोड़ मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार
इंदौर के थाना लसूड़िया थाना क्षेत्र में देर रात शराब के लिए पैसों की मांग को लेकर हुए हंगामे और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, आरोपी परदेसीपुरा इलाके के लिस्टेड बदमाश हैं। यह पूरी घटना रात 2:30 बजे की है, जब फरियादी विशेष खेडकर वॉशरूम जाने के लिए खालसा चौक के पास रुका था। तभी परदेशीपुरा क्षेत्र के राम चौहान, दीपांश, देव और अमन ने उससे शराब के लिए पैसे मांगे और मना करने पर अश्लील गालियां देते हुए मारपीट की, आरोपियों ने फरियादी की कार में तोड़फोड़ कर उसे धमकाते हुए मौके से भागने का प्रयास किया।
इसी दौरान लसूड़िया पुलिस की एफआरवी 16 में तैनात आरक्षक नरेन्द्र मंडेलिया और राधेश्याम कुशवाह गश्त पर थे। फरियादी से सूचना मिलते ही दोनों आरक्षक तुरंत एक्शन में आए और इलाके की घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की। कुछ देर बाद पुलिस को 136 स्कीम रोड पर संदिग्ध युवक दिखाई दिए, जो पुलिस को देखते ही भाग निकले लेकिन पुलिस टीम ने निर्वाणा हॉस्पिटल के पास निर्माणाधीन मकान और फिर पास के होटल में पहुंची, जहां एक कमरे में चारों आरोपी बीयर पीते पकड़े गए। लसूड़िया थाना पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की पूछताछ जारी है। पुलिस की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
वसूली अमले की ढिलाई, टैक्स कलेक्शन में गिरावट और विभागों के तालमेल की कमी
इंदौर नगर निगम की कमाई पर पर इस साल बड़ा झटका लगा है, वसूली अमले की ढिलाई, टैक्स कलेक्शन में गिरावट और विभागों के तालमेल की कमी से निगम की आर्थिक सेहत बिगड़ती नजर आ रही है। हालात ये हैं कि जिन टैक्स मदों से पिछले साल करोड़ों की कमाई हुई थी। वहां इस साल गिरावट दर्ज की जा रही है। अब टैक्स वसूली के लिए साल का अंतिम महिना बचा है ऐसे में निगम के सामने वसूली को लेकर चुनौती और बढती नज़र आ रही है।
दरअसल, शहर के विकास कार्यों की रफ्तार अब आर्थिक संकट की वजह से थमती नजर आ रही है। इंदौर नगर निगम की कमाई पर इस साल ब्रेक लग गया है। पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में चालू वर्ष में राजस्व वसूली में गिरावट दर्ज की गई है। जिससे निगम की वित्तीय सेहत पर असर साफ दिखाई दे रहा है, सबसे ज्यादा असर जलकर वसूली पर पड़ा है, जहां करोड़ों रुपए का घाटा सामने आया है। बल्कि कचरा कलेक्शन और लाइसेंस विभाग में भी कमी दर्ज की गई है।
हालांकि, पार्किंग और मार्केट से कुछ बढ़त जरूर मिली है, बताया जा रहा है कि वसूली अमले और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच तालमेल की कमी भी एक बड़ी वजह है। पिछले साल जहां वन टाइम सेटलमेंट योजना से बड़ी राशि आई थी, इस बार वैसी सक्रियता नजर नहीं आ रही। नगर निगम ने पानी के टैक्स में वृद्धि भी की है। लेकिन उसका असर राजस्व में फिलहाल दिखाई नहीं दे रहा है।
पहली मंजिल से गिरी महिला, पति के खिलाफ प्रताड़ित और मारपीट की शिकायत
इंदौर में पिछले दिनों एक महिला ऊपर से अचानक से गिर गयी थी और ये घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में क़ैद हुई थी। जिसके बाद महिला को इलाज अस्पताल भर्ती कराया गया था। ठीक होने के बाद महिला ने अपने पति के ख़िलाफ़ मारपीट और प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई।
चंदन नगर थाना क्षेत्र का है जहां एक महिला अचानक से ऊपर से नीचे गिर गई थी और ये घटना CCTV कैमरे में क़ैद हो गई थी। जिसके बाद महिला को इलाज हेतु अस्पताल भर्ती कराया गया था ।वहीं ठीक होने के बाद वह अपने भाई के साथ थाने पहुंची और पति के ख़िलाफ़ मारपीट और प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई। वहीं इस मामले में बताया कि पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने पति के ख़िलाफ़ मारपीट और प्रताड़ित करने का मुक़दमा दर्ज किया है। आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी है।
Varsha Shrivastava 
